रानी मुखर्जी की मां कृष्णा मुखर्जी का निधन,75 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस

मुंबई, यश भारत । बॉलीवुड अभिनेत्री रानी मुखर्जी की मां और पूर्व प्लेबैक सिंगर कृष्णा मुखर्जी का मंगलवार दोपहर 75 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उनके निधन की खबर सामने आने के बाद मुखर्जी परिवार और करीबियों में शोक का माहौल है। परिवार की ओर से जारी आधिकारिक बयान में उनके निधन की जानकारी साझा की गई और लोगों से इस दुख की घड़ी में परिवार की निजता का सम्मान करने की अपील की गई। यशराज फिल्म्स (YRF) की ओर से सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा गया कि भारी मन से कृष्णा मुखर्जी के निधन की जानकारी साझा की जा रही है। परिवार ने लोगों के प्यार, प्रार्थनाओं और सहयोग के लिए आभार जताते हुए इस मुश्किल समय में परिवार को एकांत देने की अपील की है। कृष्णा मुखर्जी का विवाह फिल्म निर्देशक और निर्माता राम मुखर्जी से हुआ था। राम मुखर्जी फिल्मालय स्टूडियो के संस्थापक शशधर मुखर्जी के परिवार से ताल्लुक रखते थे। उनका वर्ष 2017 में निधन हो गया था। कृष्णा और राम मुखर्जी के दो बच्चे हैं, अभिनेत्री रानी मुखर्जी और फिल्ममेकर-प्रोड्यूसर राजा मुखर्जी।
रानी से बेहद करीबी था मां का रिश्ता
रानी मुखर्जी अपनी मां कृष्णा मुखर्जी के बेहद करीब थीं। दोनों को कई मौकों पर साथ देखा गया था। रानी ने विभिन्न मौकों पर अपनी मां के साथ अपने रिश्ते और उनके प्रभाव का जिक्र भी किया था। रानी के अनुसार, उनके जन्म के समय अस्पताल में गलती से उन्हें किसी दूसरे परिवार के बच्चे से बदल दिया गया था। बाद में कृष्णा मुखर्जी ने बेटी की पहचान से जुड़े संकेतों के आधार पर अपनी असली बेटी को तलाश लिया था।
फिल्मों में बनाई अलग पहचान
रानी मुखर्जी ने हिंदी सिनेमा में अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने ‘गुलाम’, ‘कुछ कुछ होता है’, ‘साथिया’, ‘हम तुम’ और ‘ब्लैक’ जैसी फिल्मों में अभिनय कर दर्शकों के बीच खास जगह बनाई। ‘मर्दानी’ फ्रेंचाइजी में भी उनके अभिनय को पहचान मिली। उनकी हालिया फिल्म ‘मर्दानी 3’ वर्ष 2026 में रिलीज हुई थी। कृष्णा मुखर्जी के निधन से फिल्म जगत में भी शोक की लहर है। परिवार की ओर से इस कठिन समय में प्रशंसकों और शुभचिंतकों से प्रार्थना और संवेदनाएं बनाए रखने के साथ-साथ उनकी निजता का सम्मान करने की अपील की गई है।







