दबोचे गए जंगली सूअर के शिकारी, मांस और औजारों के साथ 4 आरोपी गिरफ्तार, वन विभाग ने भेजा जेल

कटनी, यशभारत। ढीमरखेड़ा वन परिक्षेत्र के अंतर्गत ग्राम जमुनिया के जंगलों में एक वन्य प्राणी जंगली सूअर का शिकार करने वाले चार आरोपियों को वन विभाग की टीम ने धरदबोचा। पकड़े गए शिकारियों के पास से भारी मात्रा में जंगली सूअर का मांस, शिकार में इस्तेमाल किए जाने वाले औजार और लोहे के फंदे बरामद किए गए हैं। वन विभाग ने चारों आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश कर दिया है। वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार ढीमरखेड़ा वन मंडल को शुक्रवार को मुखबिर से सटीक सूचना प्राप्त हुई थी कि जमुनिया गांव के समीप स्थित जंगल में कुछ लोग वन्य प्राणी का शिकार कर उसका मांस बांटने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही रेंजर सचिन नामदेव के नेतृत्व में वन विभाग की एक विशेष टीम का गठन किया गया और बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर दबिश दी गई। मौके पर दबिश के दौरान वन टीम ने चार संदिग्धों को रंगे हाथों दबोच लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से ताजा कटा हुआ जंगली सूअर का मांस और शिकार के लिए इस्तेमाल की जाने वाली सामग्री जब्त की गई। रेंजर सचिन नामदेव ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी बहोरीबंद क्षेत्र के निवासी हैं। आरोपियों की पहचान शक्ति कोल निवासी बहोरीबंद, गुलाब कोल निवासी बहोरीबंद, मनीष कोल निवासी बहोरीबंद, राजेंद्र कोल निवासी बहोरीबंद के रूप में हुई हैं
शिकार के औजार और फंदे जब्त
वन विभाग की टीम ने आरोपियों के कब्जे से कटिंग और शिकार के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले 2 बका, 1 कुल्हाड़ी वन्य प्राणियों को फंसाने वाले क्लच वायर के 2 फंदे, 1 किलोग्राम जीआई तार, जंगली सूअर का ताजा मांस जब्त किया गया है। वन विभाग ने चारों आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। विभागीय कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपियों को कटनी न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।






