स्टेशन से युवक को अगवा कर बनाया बंधक, सिगरेट से दागा, लात-घूंसों और बेल्ट से पीटा, कोतवाली पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत दो को दबोचा, दो फरार

कटनी, यशभारत। रेलवे स्टेशन के बाहर बातचीत के बहाने एक युवक को बुलाकर बंधक बनाकर मारपीट का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने अन्नू उर्फ अजय माली और उसके एक साथी को गिरफ्तार किया है। कोतवाली टीआई राखी पांडे ने बताया कि युवक को पहले घर ले जाकर साथियों के साथ पीटा गया। वहां से किसी तरह भागकर स्टेशन पहुंचा तो आरोपियों ने पीछा कर उसे फिर पकड़ लिया और ऑटो में जबरन बैठाकर दूसरे मकान में ले गए। कमरे में बंद कर दोबारा मारपीट की गई। आरोप है कि सिगरेट से उसके हाथ और पीठ को दागा गया। घायल युवक किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलकर जबलपुर पहुंचा और तीन दिन बाद कोतवाली पहुंचकर पुलिस को पूरी घटना बताई। पुलिस ने मुख्य आरोपी अजय उर्फ अन्नू माली को मुड़वारा स्टेशन के पास से और पूछताछ के बाद दूसरे आरोपी साहिल खान को कुठला क्षेत्र से गिरफ्तार किया। दो अन्य आरोपी अमन और उसका एक साथी अभी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस के मुताबिक गायत्री नगर निवासी पंकज मेहरा ने पुलिस को बताया कि 12 सितंबर की सुबह वह कटनी स्टेशन के बाहर ऑटो का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान उसका पुराना परिचित अजय माली स्कूटी से वहां आया और उसे अपने साथ घर चलने के लिए कहा। पंकज उसके साथ मघई मंदिर के पास स्थित घर पहुंचा। आरोप है कि अन्नू ने कुछ देर बाद अपने साथियों को फोन कर बुलाया और पुरानी बात को लेकर पंकज से विवाद शुरू हो गया। इसके बाद उसके साथ लातघूंसों और बेल्ट से मारपीट की गई। पुलिस के अनुसार मारपीट के बाद पंकज किसी तरह वहां से निकलकर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर – 5 पर पहुंचा और जबलपुर जाने के लिए ट्रेन का इंतजार करने लगा। स्टेशन पहुंचकर आरोपियों ने उसे फिर पकड़ लिया और ऑटो से एनकेजे बजरिया स्थित मकान में ले गए। वहां उसे एक कमरे में बंद कर दोबारा मारपीट की गई।
सिगरेट से दागने का आरोप
इसी दौरान आरोपियों में से एक युवक ने सिगरेट से उसके हाथ और पीठ को दाग दिया। इससे उसके शरीर पर जलने के निशान बन गए। शाम 6 बजे वह किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलकर भागने में सफल हुआ और भय के कारण जबलपुर चला गया और अपने भाई और मां के साथ कोतवाली पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मुखबिर और तकनीकी मदद से मुख्य आरोपी तक पहुंची पुलिस
घटना सामने आते ही पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की और मुख्य आरोपी अजय उर्फ अन्नू माली को मुड़वारा स्टेशन से गिरफ्तार किया। पूछताछ में अन्नू ने बताया कि पंकज पूर्व में उसके यहां काम करता था और दो वर्ष पहले काम छोड़ चुका था। आरोपी के अनुसार पंकज उसके कुछ फोटो और दस्तावेज अपने साथ ले गया था, जिन्हें वापस नहीं कर रहा था। पुलिस के मुताबिक इसी विवाद को लेकर उसने पंकज को बुलाया और साथियों के साथ मारपीट की। दोनों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है। कार्रवाई में थाना प्रभारी राखी पाण्डेय, खिरहनी चौकी प्रभारी किशोर द्विवेदी, एसआई कुलदीप सिंह, वीरेन्द्र तिवारी, रमाकांत तिवारी, अजय प्रताप सिंह, मंसूर हुसैन, दीपक चक्रवर्ती, मोहन मण्डलोई, अजीत सिंह एवं विकास राय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।






