भोपालमध्य प्रदेश

विश्वकर्मा जयंती आज: भोपाल में मंच निर्माण के कारण यातायात डायवर्ट, रॉयल मार्केट और अग्रसेन चौराहे पर बदला रहेगा मार्ग

विश्वकर्मा जयंती आज: भोपाल में मंच निर्माण के कारण यातायात डायवर्ट, रॉयल मार्केट और अग्रसेन चौराहे पर बदला रहेगा मार्ग

भोपाल, यशभारत। सर्व विश्वकर्मा समाज द्वारा गुरुवार, 17 सितंबर को विश्वकर्मा जयंती के उपलक्ष्य में अग्रसेन चौराहे पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और नागरिकों की मौजूदगी को देखते हुए भोपाल नगरीय यातायात पुलिस ने सुगम आवागमन के लिए विस्तृत ट्रैफिक डायवर्जन प्लान जारी किया है।

अग्रसेन चौराहे पर कार्यक्रम के लिए मंच का निर्माण किए जाने के कारण इस मार्ग पर दोनों ओर से वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। यातायात पुलिस के अनुसार, इस दौरान शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था में बदलाव रहेगा:

रॉयल मार्केट से भवानी चौक मार्ग: इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन अब परिवर्तित रास्ते से होकर गुजरेंगे। वाहन चालक तीन मोहरा, शाहजहांनाबाद तिराहा और भोपाल टॉकीज होते हुए अपने गंतव्य तक जा सकेंगे।
वीआईपी रोड और रेतघाट से आवाजाही: वीआईपी रोड व रेतघाट से कोहेफिजा तथा मेहंदिया पूर्वी गेट से रॉयल मार्केट की ओर केवल दो पहिया वाहनों और शासकीय मेहंदिया अस्पताल जाने वाले चार पहिया वाहनों को ही प्रवेश की अनुमति होगी।
अन्य चार पहिया व भारी वाहन: सामान्य चार पहिया वाहन वीआईपी रोड, कवला, कोहेफिजा और कलेक्टरेट होकर आवाजाही कर सकेंगे।
बसें व व्यावसायिक वाहन: अग्रसेन चौराहे से भवानी चौक और मोती मस्जिद मार्ग पर चलने वाली सभी यात्री बसें एवं व्यावसायिक वाहन पूरी तरह से परिवर्तित मार्ग से ही संचालित होंगे।

यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की है कि असुविधा से बचने के लिए डायवर्जन प्लान का पालन करें और व्यवस्था में सहयोग दें। किसी भी प्रकार की यातायात संबंधी समस्या या जानकारी के लिए दूरभाष नंबर 0755-2677340, 2443850 या व्हाट्सएप नंबर 7587602055 पर संपर्क किया जा सकता है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button