शराब पीने के लिए जबरन पैसे मांगे, अब जेल की हवा खानी पड़ रही, उमरियापान पुलिस ने की कार्रवाई

कटनी, यशभारत। उमरियापान पुलिस ने अड़ीबाजी, मारपीट और धमकी देने के दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक 14 वर्षीय बालक को विधि विरुद्ध बालक के रूप में निरूद्ध किया गया है। पुलिस के अनुसार दोनों मामलों में आरोपियों द्वारा शराब पीने के लिए जबरन पैसों की मांग कर लोगों के साथ मारपीट और गालीगलौज की गई थी। पुलिस के मुताबिक पुरवा मोहल्ले में एक महिला से उसकी दुकान के सामने शराब पीने के लिए जबरन पैसे मांगे गए। पैसे देने से इंकार करने पर उसके साथ गाली गलौज और मारपीट की गई। दूसरे मामले में मुडिय़ा पुरवा में दो भाइयों से शराब के लिए पैसों की अड़ीबाजी की गई और विरोध करने पर उनके साथ मारपीट कर उन्हें चोट पहुंचाई गई। दोनों घटनाओं की शिकायत मिलने के बाद उमरियापान पुलिस ने बीएनएस की सुसंगत धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए संभावित ठिकानों पर दबिश दी और घटना के 24 घंटे के भीतर आरोपियों को पकड़ लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों सोमनाथ बर्मन और आकाश उर्फ अरुण बर्मन निवासी उमरियापान को गिरफ्तार किया है। मामले में शामिल 14 वर्षीय नाबालिक बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किए जाने की वैधानिक प्रक्रिया पूरी की गई।







