अतिक्रमण पर चला पुलिस-प्रशासन का पंजा: ढाबा समेत अनेक कब्जे जमींदोज, स्कूल-कॉलेजों के बाहर से हटाए गए ठेले

सागर, यशभारत l जिले में शासकीय भूमि को कब्जा मुक्त कराने और सार्वजनिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए पुलिस एवं जिला प्रशासन द्वारा संयुक्त रूप से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आज बड़ी कार्रवाई की गई। संयुक्त टीमों ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए ‘राजा ढाबा’ सहित कई स्थानों से अवैध अतिक्रमण हटाकर सरकारी जमीन को मुक्त कराया।
अभियान के दौरान प्रशासन ने विशेष रूप से स्कूल और कॉलेजों के आसपास के क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित किया। शिक्षण संस्थानों के मुख्य द्वारों पर अवैध रूप से लगाए गए ठेलों, गुमटियों और अनधिकृत दुकानों को हटाया गया। इन स्थानों पर असामाजिक तत्वों का जमघट होने और भीड़ जमा होने के कारण छात्र-छात्राओं, विशेषकर छात्राओं को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ता था। मार्ग साफ होने से अब विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित और सुगम वातावरण तैयार हुआ है।
असामाजिक तत्वों पर रहेगी पैनी नजर
कार्रवाई के साथ-साथ पुलिस प्रशासन ने असामाजिक तत्वों के खिलाफ निगरानी भी सख्त कर दी है। जिले के सभी थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में स्थित स्कूल और कॉलेजों के आसपास नियमित गश्त करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या बेवजह जमावड़ा पाए जाने पर त्वरित वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासनिक अधिकारियों ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा है कि सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे, यातायात में बाधा और जनसुरक्षा से खिलवाड़ को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अवैध अतिक्रमण को चिह्नित कर उसे हटाने की यह कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी, ताकि शहर में यातायात सुचारू रहे और आमजन को सुरक्षित वातावरण मिल सके।






