
मुंबई ,यश भारत। कोल्हापुर में महादेवी के नाम से पहचानी जाने वाली हथिनी माधुरी की वापसी को लेकर वंतारा ने अपना पक्ष जारी किया है। वंतारा ने कहा है कि वह हाई-पावर्ड कमेटी (एचपीसी) के निर्देशों का सम्मान करता है और माधुरी की वापसी के बाद भी उसकी सेहत और देखभाल को लेकर अपनी जिम्मेदारी निभाता रहेगा।

कोल्हापुर की माधुरी को 30 जुलाई 2025 को हाई-पावर्ड कमेटी के निर्देशों के तहत जामनगर स्थित वंतारा लाया गया था। वंतारा का कहना है कि उसने माधुरी की कस्टडी की मांग नहीं की थी, बल्कि कमेटी के निर्देशों के पालन में उसकी देखभाल की गई। इन निर्देशों को बॉम्बे हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट ने भी सही ठहराया था।वंंतारा के मुताबिक, माधुरी से कोल्हापुर के लोगों की भावनाएं जुड़ी हुई हैं। महाराष्ट्र सरकार, अधिकारियों, संबंधित पक्षों और समुदाय के लोगों से बातचीत के बाद 6 अगस्त 2025 को भी वंतारा ने स्पष्ट किया था कि वह इन भावनाओं का सम्मान करता है और सक्षम अधिकारियों के निर्देशों का पालन करेगा।

इसके बाद सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर सभी संबंधित पक्षों को हाई-पावर्ड कमेटी के सामने अपना पक्ष रखने का अवसर मिला। पक्षों की सुनवाई, रिपोर्टों के अध्ययन और नंदनी स्थित सुविधा केंद्र के निरीक्षण के बाद एचपीसी ने 9 सितंबर 2026 को अपना आदेश जारी किया। इसमें माधुरी को कुछ शर्तों के साथ कोल्हापुर वापस ले जाने की अनुमति दी गई है।
आदेश के मुताबिक माधुरी का इस्तेमाल जुलूस या किसी अन्य कार्य के लिए नहीं किया जाएगा। उसकी 24 घंटे देखभाल की जाएगी और हर दो सप्ताह में उसकी मेडिकल जांच कराई जाएगी। वंतारा ने कहा है कि वह एचपीसी के निर्देशों का पूरी तरह पालन करेगा।
वंतारा ने बताया कि लगातार पशु चिकित्सा देखभाल से माधुरी की हालत स्थिर हुई है, हालांकि उसकी पुरानी बीमारियां पूरी तरह ठीक नहीं हुई हैं। ऐसे में उसे नियमित निगरानी, उचित देखभाल और सहायक उपचार की जरूरत बनी रहेगी।

माधुरी के कोल्हापुर लौटने के बाद भी वंतारा के पशु चिकित्सक हर दो सप्ताह में वहां जाकर उसकी मेडिकल जांच करेंगे और एचपीसी के निर्देश के अनुसार सक्षम अधिकारियों को रिपोर्ट सौंपेंगे। इसके अलावा माधुरी के रहने की जगह पर जरूरी व्यवस्थाएं, मेडिकल उपकरण, दवाइयां और अन्य संसाधन उपलब्ध कराने का काम भी वंतारा की ओर से किया गया है। वंतारा ने यह भी कहा कि नंदनी में माधुरी के लिए उपलब्ध बाड़े और सुविधा को बेहतर बनाने का काम किया गया है। टाउन प्लानिंग जुड़ी सीमाओं के कारण फिलहाल इंफ्रास्ट्रक्चर में अधिक बदलाव संभव नहीं हो सका है। भविष्य में जरूरत पड़ने पर वंतारा सुविधा को और बेहतर बनाने में सहयोग के लिए तैयार रहेगा।







