कटंगी के पड़रिया तालाब में मिली लाश, हाथ में बंधी थी राखी
शिनाख्त में जुटी पुलिस; एक सप्ताह में दूसरा शव मिलने से उठे सवाल

जबलपुर यशभारत। कटंगी थाना क्षेत्र में एक बार फिर सनसनीखेज मामला सामने आया है। पड़रिया गांव के कटुआ तालाब में एक अज्ञात व्यक्ति की लाश उतराती मिलने से हड़कंप मच गया। तालाब में शव देखकर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया और शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए।
मृतक के शरीर पर धोती-कुर्ता था, जबकि उसके हाथ में राखी बंधी हुई मिली। और शव दो दिन पुराना लग रहा है।पुलिस अब मृतक की पहचान के साथ-साथ उसके तालाब तक पहुंचने की परिस्थितियों को भी खंगाल रही है। आसपास के गांवों में पूछताछ की जा रही है और गुमशुदा लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।
एक सप्ताह में दूसरा शव, क्षेत्र में बढ़ी बेचैनी
कटंगी थाना क्षेत्र में एक सप्ताह के भीतर दूसरा शव मिलने से ग्रामीणों में बेचैनी बढ़ गई है। लगातार सामने आ रहे शवों को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि व्यक्ति की मौत तालाब में डूबने से हुई अथवा किसी अन्य परिस्थिति में उसकी जान गई। मृतक के हाथ में बंधी राखी भी उसकी पहचान तक पहुंचने में पुलिस के लिए अहम सुराग साबित हो सकती है।







