उतरप्रदेशदेश

डिवाइडर से टकराकर पलटी श्रद्धालुओं से भरी पिकअप, छह की मौत,पिकअप में सवार थे 32 लोग

बागपत एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा

बागपत, एजेंसी। उत्तर प्रदेश के बागपत में ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बड़ागांव के पास श्रद्धालुओं से भरी पिकअप अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। हादसे के समय वाहन में कुल 32 लोग सवार थे। दुर्घटना में एक बच्ची समेत छह लोगों की मौत हो गई, जबकि 27 अन्य घायल बताए गए हैं।

जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन संख्या यूपी-24 एटी-1819 राजस्थान के गोगामेड़ी से श्रद्धालुओं को लेकर बदायूं जिले के अल्हापुर गांव लौट रहा था। बड़ागांव के पास अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और डिवाइडर से जोरदार टक्कर के बाद पलट गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास से गुजर रहे लोगों ने घायलों की मदद के लिए पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहगीरों की सहायता से पिकअप के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला। तब तक एक बच्ची सहित छह लोगों की मौत हो चुकी थी। घायलों को तत्काल खेकड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और बागपत जिला अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को बेहतर उपचार के लिए दिल्ली और मेरठ रेफर किया गया है।

हादसे की सूचना मिलने के बाद जिलाधिकारी अस्मिता लाल और पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय देर रात जिला अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने अस्पताल में भर्ती घायलों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और चिकित्सकों से उपचार की स्थिति के बारे में जानकारी ली। प्रशासन की ओर से घायलों को आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने बताया कि हादसे में छह लोगों की मौत हुई है। फिलहाल मृतकों में रामेश्वर निवासी अल्हापुर की पहचान हो सकी है। अन्य मृतकों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने को दुर्घटना की वजह माना जा रहा है। हादसे के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और दुर्घटना से संबंधित जानकारी जुटाई। घायलों के उपचार के साथ मृतकों की पहचान और उनके परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया भी जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button