माई नदी के पास हादसा, अज्ञात वाहन की ठोकर से बाइक सवार, दंपत्ति घायल, जिला अस्पताल में भर्ती

कटनी, यशभारत। कटनी जिले में माई नदी के समीप एक दर्दनाक सडक़ हादसा सामने आया है, जहां एक तेज रफ्तार अज्ञात कार ने मोटरसाइकिल सवार दंपत्ति को जोरदार ठोकर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार पति-पत्नी सडक़ पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना को अंजाम देने के बाद कार चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। मिली जानकारी के अनुसार घायल दंपत्ति की पहचान छुही बसारी निवासी अशोक विश्वकर्मा और उनकी पत्नी के रूप में हुई है। दोनों अपनी बाइक से जा रहे थे, तभी माई नदी के पास अनियंत्रित कार ने उन्हें चपेट में ले लिया। दुर्घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने इंसानियत दिखाते हुए तत्परता दिखाई और घायलों को ऑटो की मदद से तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां दोनों का उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मामले की जाँच में जुट गई है और फरार कार चालक की तलाश की जा रही है।







