फ्लोरिडा में अमेजॉन का कार्गो विमान दुर्घटनाग्रस्त, 5 की मौत, 250 उड़ानें प्रभावित
लैंडिंग के वक्त विमान में आई तकनीकी खराबी

मियामी, एजेंसी। अमेरिका के फ्लोरिडा में मियामी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रविवार को अमेजॉन का कार्गो विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। बोइंग-767 विमान लैंडिंग के दौरान रनवे से आगे निकल गया और वहां खड़ी कुछ गाड़ियों से टकरा गया। टक्कर के बाद विमान में आग लग गई और देखते ही देखते काले धुएं का गुबार आसमान में फैल गया। हादसे में पांच लोगों की मौत होने की जानकारी सामने आई है।
हादसा स्थानीय समयानुसार रविवार दोपहर करीब दो बजे एयरपोर्ट के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में हुआ। विमान के रनवे से आगे निकलने के बाद एयरपोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। विमान ने किनारे खड़ी गाड़ियों को टक्कर मारी, जिसके बाद उसमें आग लग गई। सूचना मिलते ही दमकल और बचाव दल मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाने के साथ राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
हादसे के दौरान विमान की चपेट में आई गाड़ियों में कुछ लोग फंस गए थे। मियामी-डेड रेस्क्यू फायर चीफ रे जदाल्लाह के मुताबिक, गाड़ियों में मौजूद लोगों ने मदद के लिए आवाज लगाई। बचाव दल ने समय रहते उन्हें बाहर निकाल लिया। विमान के अंदर पायलट और को-पायलट भी फंसे हुए थे। दमकलकर्मी कई घंटों तक विमान से हो रहे ईंधन के रिसाव को नियंत्रित करने में जुटे रहे।
दुर्घटना के बाद मियामी एयरपोर्ट पर विमानों का संचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ। सभी रनवे और टैक्सीवे को बंद कर ग्राउंड स्टॉप लागू किया गया। इसके चलते करीब 250 उड़ानों के संचालन पर असर पड़ा और यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई उड़ानों की लैंडिंग और टेकऑफ में देरी हुई, जबकि एयरपोर्ट पर यात्रियों की भीड़ बढ़ गई।
प्रत्यक्षदर्शियों और सामने आए वीडियो में विमान रनवे के किनारे जमीन पर पड़ा दिखाई दे रहा है। विमान के पिछले हिस्से से आग की लपटें निकलती नजर आईं। हादसे के बाद आसमान में काफी देर तक धुएं का गुबार छाया रहा। दमकलकर्मियों ने विमान में लगी आग बुझाने के साथ आसपास के क्षेत्र को भी सुरक्षित किया।
हादसे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। शुरुआती जानकारी में लैंडिंग के दौरान विमान में तकनीकी खराबी आने की बात कही जा रही है, जिसके कारण विमान समय पर रुक नहीं सका और रनवे से आगे निकल गया। हालांकि, अधिकारियों ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। अमेरिकी फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (एफएए) हादसे की जांच करेगा।







