जहरीली शराब का तांडव: मुख्यमंत्री ने दिए सख्त जांच के आदेश, सागर-छतरपुर मार्ग पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा… देखें पूरा वीडियो

सागर, यशभारत ।सागर जिले में जहरीली शराब पीने से हुई मौतों के बाद स्थिति अत्यंत तनावपूर्ण हो गई है। घटना के विरोध में आक्रोशित ग्रामीणों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सागर-छतरपुर मुख्य हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासनिक लापरवाही और अवैध शराब माफिया के खिलाफ उग्र नारेबाजी की, जिससे मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
प्रदर्शन स्थल पर मौजूद कांग्रेस नेताओं ने स्थानीय प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस का दावा है कि जहरीली शराब से मौतों का आंकड़ा 14 से 15 तक पहुंच चुका है, लेकिन प्रशासन वास्तविक स्थिति को दबाने और आंकड़े छुपाने की कोशिश कर रहा है। पूर्व विधायक तरवर सिंह लोधी ने आरोप लगाया कि शराब के अधिकृत विक्रेता ही खुलेआम स्थानीय प्रशासन की मिलीभगत से यह जहरीली शराब बिकवा रहे हैं।
विपक्ष का सरकार पर सीधा हमला
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि जहरीली शराब से पीड़ितों का शरीर नीला पड़ना और कुछ ही देर में मौत हो जाना बेहद भयावह है। यह महज हादसा नहीं, बल्कि सरकार की नाक के नीचे चल रहे अवैध कारोबार का नतीजा है।
वहीं, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने सरकार को घेरते हुए कहा कि शराब माफिया को सरकारी संरक्षण प्राप्त है। उन्होंने मांग की कि मामले की तत्काल उच्चस्तरीय जांच हो, दोषी अधिकारियों पर कठोर कार्रवाई की जाए और मृतक परिवारों को तुरंत उचित आर्थिक मुआवजा दिया जाए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि संबंधित मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार इस प्रकार की घटनाओं को बर्दाश्त नहीं करेगी और मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।







