चार साल पुरानी हत्या का बदला लेने मूर्तिकार को मारी थी गोली, आरोपियों की तलाश में शहर से बाहर भी पुलिस की दबिश
2021 की हत्या से जुड़ी है रंजिश

जबलपुर,यशभारत। हनुमानताल थाना क्षेत्र में मूर्तिकार मनोज सोनकर की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस जांच में चार साल पुरानी हत्या की रंजिश सामने आई है। पुलिस के मुताबिक वर्ष 2021 में हुई हत्या के बाद से दोनों परिवारों के बीच विवाद और दुश्मनी चली आ रही थी। इसी रंजिश के चलते मनोज को निशाना बनाए जाने की आशंका है। वारदात के बाद फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की कई टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। मुख्य आरोपी शुभम मराठा पुलिस का लिस्टेड बदमाश बताया जा रहा है।
मूर्ति बनाते समय बाइक से पहुंचे आरोपी
पुलिस के अनुसार शुक्रवार रात मनोज अपनी मूर्ति बनाने में व्यस्त था। इसी दौरान शुभम मराठा अपने साथी भरत यादव उर्फ चिंटू के साथ बाइक से वहां पहुंचा। आरोप है कि शुभम ने पिस्टल निकालकर मनोज पर गोली चला दी। गोली मनोज की गर्दन में लगी और वह मौके पर ही गिर पड़ा। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
2021 की हत्या से जुड़ी है रंजिश
जांच में सामने आया कि 31 जुलाई 2021 की रात मनोज के बेटे अनिकेत सोनकर उर्फ महू और छोटू सोनकर ने शुभम मराठा के भाई बिट्टू मराठा पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी थी। इस मामले में दोनों के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज हुआ था और बाद में न्यायालय ने दोनों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। इसके बाद से ही शुभम मराठा और मनोज के परिवार के बीच रंजिश चली आ रही थी। पुलिस इसी एंगल को मनोज की हत्या की प्रमुख वजह मानकर जांच आगे बढ़ा रही है।
अंतिम संस्कार के लिए बेटों को मिली पैरोल
मनोज की हत्या की खबर जेल में बंद उसके दोनों बेटों तक पहुंचने के बाद परिवार ने उन्हें पिता के अंतिम संस्कार में शामिल कराने के लिए प्रशासन से पैरोल की अनुमति मांगी। आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोनों को पैरोल पर जेल से बाहर लाया गया। शनिवार शाम दोनों बेटों ने पिता का अंतिम संस्कार किया। इस दौरान सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल तैनात रहा और इलाके में गहमागहमी का माहौल बना रहा।
शहर से बाहर भी तलाश, संदिग्ध राउंडअप
हत्याकांड के बाद हनुमानताल पुलिस के साथ अन्य थानों की पुलिस टीमों को भी आरोपियों की तलाश में लगाया गया है। पुलिस को आरोपियों के शहर से बाहर होने की सूचना मिली है, जिसके बाद संभावित ठिकानों पर भी दबिश दी जा रही है। पुलिस ने कुछ संदिग्ध लोगों को राउंडअप कर उनसे पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस टीम आरोपियों के संपर्कों और संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाने के साथ तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर भी उनकी तलाश कर रही है। एडिशनल एसपी आयुष जाखड़ ने बताया कि हत्याकांड में शामिल आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार जुटी हुई हैं। शहर से बाहर अन्य स्थानों पर आरोपियों के होने की सूचना मिलने पर वहां भी दबिश दी जा रही है। फिलहाल कुछ संदिग्ध लोगों को राउंडअप कर पूछताछ की जा रही है।






