हमीदिया अस्पताल में अब छांव में भोजन कर सकेंगे मरीजों के परिजन, महापौर ने लिया निर्माण कार्य का जायजा

हमीदिया अस्पताल में अब छांव में भोजन कर सकेंगे मरीजों के परिजन, महापौर ने लिया निर्माण कार्य का जायजा
भोपाल, यशभारत। राजधानी के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल ‘हमीदिया’ में मरीजों के साथ आने वाले परिजनों की सुविधा के लिए नगर निगम ने एक बड़ी पहल की है। महापौर मालती राय ने शुक्रवार को हमीदिया अस्पताल का औचक निरीक्षण किया और वहां भोजन वितरण स्थल पर बनाए जा रहे नवनिर्मित शेड के कार्य की समीक्षा की।
गर्मी और बारिश से मिलेगी राहत
अस्पताल परिसर में सेवा भारती और समाजसेवी राधेश्याम अग्रवाल द्वारा प्रतिदिन बड़ी संख्या में जरूरतमंदों और मरीजों के परिजनों को सशुल्क/निःशुल्क भोजन उपलब्ध कराया जाता है। अब तक भोजन प्राप्त करने के लिए परिजनों को खुले आसमान के नीचे लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ता था, जिससे उन्हें भीषण गर्मी और बारिश के मौसम में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था।
महापौर मालती राय ने मौके पर उपस्थित अधिकारियों और मीडिया से चर्चा करते हुए कहा, अस्पताल आने वाले परिजन पहले से ही काफी मानसिक तनाव और परेशानी में होते हैं। उनकी तकलीफ को कम करने के लिए भोजन वितरण स्थल पर शेड का निर्माण कराया जा रहा है, ताकि हर मौसम में उन्हें सम्मानजनक और सुविधाजनक तरीके से भोजन मिल सके।
सेवा कार्य को मिलेगा बल
महापौर ने बताया कि अस्पताल में चल रहे सेवा कार्यों में कोई बाधा न आए और परिजनों को सुलभ व्यवस्था मिले, इसके लिए निगम प्रशासन प्रतिबद्ध है। उन्होंने निर्माण कार्य को जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश भी दिए ताकि जल्द ही लोग इसका लाभ उठा सकें। इस दौरान नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी और अस्पताल प्रबंधन के सदस्य भी मौजूद रहे।







