भोपाल

जिंसी रोड की बदहाल हालत पर प्रदर्शनकारियों ने सड़क को दी श्रद्धांजलि, बोले—टैक्स देने वाली जनता को बेहतर सड़क और सुरक्षित आवागमन का अधिकार

vedio  ———–

भोपाल यश भारत । मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में सड़कों की बदहाल स्थिति को लेकर विरोध प्रदर्शन लगातार जारी है। आरबीआई और आयकर विभाग के सामने स्थित जिंसी रोड की खराब हालत को लेकर बीते कई दिनों से स्थानीय लोग और विभिन्न राजनीतिक दल प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि बार बार शिकायतों और विरोध के बावजूद सड़क की स्थिति जस की तस बनी हुई है। प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने सड़क की बदहाली पर नाराजगी जताते हुए सड़क को श्रद्धांजलि दी और श्रद्धा सुमन अर्पित किए। उनका कहना था कि सड़क पर बने गड्ढों के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग और जनप्रतिनिधि इस समस्या का स्थायी समाधान करने के लिए गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं।
जिंसी रोड से प्रभात बरखेड़ी सहित कई प्रमुख क्षेत्रों और वार्डों का आवागमन जुड़ा हुआ है। प्रदर्शनकारियों के अनुसार यह मार्ग राष्ट्रीय राजमार्ग से भी जुड़ा है ऐसे में इसकी बदहाल स्थिति राजधानी की सड़कों की व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है।

मेट्रो आगे बढ़ रही, सड़कें पीछे क्यों?

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि भोपाल में एक ओर मेट्रो परियोजना तेजी से आगे बढ़ रही है और राजधानी को आधुनिक परिवहन व्यवस्था से जोड़ने की तैयारी है वहीं दूसरी ओर कई प्रमुख सड़कों की हालत बेहद खराब बनी हुई है। उनका सवाल है कि जब राजधानी में ही लोगों को अच्छी सड़क के लिए प्रदर्शन और सड़क पर उतरने को मजबूर होना पड़ रहा है तो प्रदेश के अन्य शहरों और कस्बों की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। पूर्व में कांग्रेस सहित विभिन्न राजनीतिक दलों और संगठनों द्वारा भी इस सड़क की समस्या को लेकर प्रदर्शन किए जा चुके हैं लेकिन इसके बावजूद हालात में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है।

नगर निगम से लेकर पीडब्ल्यूडी तक उठे सवाल

प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम और लोक निर्माण विभाग सहित संबंधित जिम्मेदार एजेंसियों से सड़क की स्थिति तत्काल सुधारने की मांग की है। उनका कहना है कि जनता नियमित रूप से टैक्स देती है और बदले में उसे बेहतर बुनियादी सुविधाएं सुरक्षित सड़कें और सुगम आवागमन मिलना चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि अच्छी सड़क किसी की कृपा नहीं बल्कि आम नागरिक का अधिकार है। सरकार और जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों को जनता की परेशानी को गंभीरता से लेते हुए सड़क की मरम्मत और स्थायी सुधार के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।
अब देखना यह होगा कि लगातार हो रहे प्रदर्शन के बाद कोई जिम्मेदार जनप्रतिनिधि या संबंधित विभाग आगे आता है और जिंसी रोड की बदहाली दूर करने के लिए ठोस पहल करता है या फिर राजधानी की यह सड़क इसी तरह बदहाल बनी रहती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button