बार-बार तबादलों से आहत आईएएस अधिकारी ने उठाए सवाल – अधिकारियों के ग्रुप पर पोस्ट कर जताई नाराजगी

बार-बार तबादलों से आहत आईएएस अधिकारी ने उठाए सवाल
– अधिकारियों के ग्रुप पर पोस्ट कर जताई नाराजगी
– लिखा – विभाग समझने में एक महीना लगता है, मेरा कार्यकाल 2-3 महीने का ही रहता है
भोपाल, यश भारत। एक साल में चार बार तबादले और हाल में करीब 50 दिन के भीतर नई जिम्मेदारी मिलने के बाद आईएएस अधिकारी ने आधिकारिक सोशल मीडिया ग्रुप पर नाराजगी जाहिर की है। पोस्ट सामने आने के बाद प्रशासनिक हल्के में हलचल मच गई है। ग्रुप में हुई पोस्ट पर किसी भी तरह की प्रतिक्रिया देने से एडमिन ने अन्य सदस्यों को मना कर दिया। अपनी पोस्ट में तबादलों के साथ अधीनस्थ कर्मचारियों की कार्यशैली और एसोसिएशन की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा है कि उनके अधीन काम करने वाले कुछ कर्मचारियों ने उनके खिलाफ विद्रोह किया और तबादला कराने की धमकी तक दी। शिकायतों के बावजूद संबंधित कर्मचारियों पर कार्रवाई करने के बजाय उनकी ही जिम्मेदारियां सीमित कर दी गईं और उनका तबादला कर दिया गया। अपनी पोस्ट में लगातार बदलती पोस्टिंग को लेकर व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि किसी अधिकारी को विभाग की कार्यप्रणाली समझने और काम की गति पकडऩे में ही कम से कम एक महीने का समय लग जाता है, जबकि उनका कार्यकाल महज दो से तीन महीने का रह जाता है। उन्होंने ना मिलने वाले अपेक्षित समर्थन पर भी निराशा व्यक्त की। उनका कहना है कि यदि किसी अधिकारी के साथ ऐसी स्थिति बनती है तो संगठन को उसकी आवाज उठानी चाहिए। आज यदि उनके साथ ऐसा हो रहा है तो भविष्य में कोई अन्य अधिकारी भी ऐसी परिस्थिति का सामना कर सकता है।






