कटनी

जनसुनवाई में खुलकर सामने आईं शहर की समस्याएं

महापौर ने अधिकारियों को दिए कार्रवाई के निर्देश

जनसुनवाई में खुलकर सामने आईं शहर की समस्याएं

सड़क, नाली, सफाई, पेयजल और पेंशन से जुड़े मामले

महापौर ने अधिकारियों को दिए कार्रवाई के निर्देशIMG 20260901 WA0035

कटनी ,यशभारत। शहर की मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं मंगलवार को नगर निगम कार्यालय में आयोजित महापौर जनसुनवाई में प्रमुखता से सामने आईं। विभिन्न वार्डों से पहुंचे नागरिकों ने सड़क, नाली, साफ-सफाई, पेयजल, पेंशन सहित अन्य नागरिक सुविधाओं से संबंधित शिकायतें और आवेदन महापौर प्रीति सूरी के समक्ष रखे।
महापौर ने नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों से प्रकरणों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाए और पात्र मामलों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
जनसुनवाई के दौरान नागरिकों ने अपने-अपने वार्डों की व्यवस्थाओं और व्यक्तिगत समस्याओं से जुड़े आवेदन भी प्रस्तुत किए। महापौर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि नागरिक सुविधाओं से जुड़े मामलों में लापरवाही न बरती जाए तथा समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई प्राथमिकता के आधार पर की जाए।
महापौर ने कहा कि जनसुनवाई केवल शिकायतें दर्ज करने का माध्यम नहीं, बल्कि समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया को प्रभावी बनाने का मंच है। नागरिकों को अपनी छोटी-बड़ी समस्याओं के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए प्रकरणों की निरंतर मॉनिटरिंग आवश्यक है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों की कार्रवाई और निराकरण की स्थिति पर नियमित नजर रखी जाए। जिन मामलों में तत्काल कार्रवाई संभव है, उनमें शीघ्र राहत दी जाए और अन्य प्रकरणों में नियमानुसार आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर नागरिकों को जानकारी उपलब्ध कराई जाए। महापौर ने कहा कि नगर निगम और नागरिकों के बीच सीधा संवाद शहर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध और संतोषजनक निराकरण नगर निगम की प्राथमिकता है और जनसुनवाई के माध्यम से प्राप्त शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button