कटनी

शिकार के चक्कर में गहरे कुएं में गिरा तेंदुआ, वन विभाग की टीम ने रात के अंधेर में किया रेस्क्यू, काफी मशक्कत के बाद सुरक्षित निकाला

कटनी, यशभारत। बड़वारा वन परिक्षेत्र के ग्राम कुआं में एक 7 साल का तेंदुआ शिकार के चक्कर में 70 फीट गहरे कुएं में गिर गया। खबर मिलते ही वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद तेंदुए को कुएं से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। बताया जाता है कि खेतों के पास बने गहरे कुएं से अजीब आवाजें सुनकर जब ग्रामीणों ने झांककर देखा तो उनके होश उड़ गए। कुएं की गहराइयों में एक तेंदुआ फंसा हुआ था। ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए वन विभाग को सूचना दी। 70 फीट की गहराई और रात का समय होने के कारण स्थानीय अमले के हाथ-पांव फूल गए, जिसके बाद तुरंत बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व की विशेषज्ञ रेस्क्यू टीम को मौके पर तलब किया गया। बांधवगढ़ की स्पेशल टीम जब मौके पर पहुंची। टॉर्च की रोशनी और कड़ी सुरक्षा के बीच टीम ने ऑपरेशन शुरू किया। कई घंटों की भारी मशक्कत और सूझबूझ के बाद रात करीब 1 बजे तेंदुए को सुरक्षित जाल में ट्रैप कर बाहर खींच लिया गया। रेस्क्यू के तुरंत बाद तेंदुए को बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व ले जाया गया, जहां पशु चिकित्सकों ने उसकी जांच की। स्वास्थ्य परीक्षण के बाद मुकुंदपुर शिफ्ट किया गया। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के सहायक संचालक दिलीप मराठा ने इस सफल रेस्क्यू की पुष्टि करते हुए बताया कि 70 फीट गहरे कुएं में तेंदुए के गिरने की खबर मिलते ही वन विभाग की टीम रवाना की गई थी। रात 1 बजे टीम ने बेहद पेशेवर तरीके से तेंदुए को सुरक्षित बाहर निकाला। प्राथमिक इलाज के बाद उसे मुकुंदपुर भेज दिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button