तखला गांव में खेत में भड़की भीषण आग, गांव तक पहुंचने से पहले टली बड़ी दुर्घटना
ग्रामीणों की सूझबूझ और फायर ब्रिगेड की तत्परता से आग पर पाया गया काबू, कोई जनहानि नहीं

तखला गांव में खेत में भड़की भीषण आग, गांव तक पहुंचने से पहले टली बड़ी दुर्घटना
ग्रामीणों की सूझबूझ और फायर ब्रिगेड की तत्परता से आग पर पाया गया काबू, कोई जनहानि नहीं

कटनी,यशभारत। माधवनगर थाना क्षेत्र के ग्राम तखला में आज एक खेत में अज्ञात कारणों से अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और गांव की ओर बढ़ने लगी, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
घटना की जानकारी मिलते ही सरपंच अनिल सिंह और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पानी व उपलब्ध संसाधनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। ग्रामीणों की तत्परता के बावजूद आग की तीव्रता अधिक होने के कारण स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में नहीं आ सकी। इसके बाद पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी गई, जिस पर फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया, जिससे आग के गांव तक पहुंचने से पहले ही बड़ी दुर्घटना टल गई।
प्रशासन के अनुसार इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।







