EXCLUSIVE: ‘गोदाम में खेती’, लापरवाही का ‘अंकुरण’ : बारिश में भीगा सरकारी अनाज, बोरियों के भीतर ही लहलहा उठी फसल!…. देखें पूरा वीडियो

डिंडौरी |जिले के वेयर हाउस निगवानी में खुले में रखी हजारों क्विंटल धान बारिश के पानी में भीगकर खराब हो गई है। ओपन स्टेक में रखी कई बोरियां सड़ गई हैं, वहीं कुछ बोरियों में धान तक उग आया है। धान की इस बर्बादी से सरकार को लाखों रुपये के नुकसान की बात सामने आ रही है।
जानकारी के मुताबिक वेयर हाउस में करीब 75 ओपन स्टेक हैं, जिनमें प्रत्येक स्टेक में लगभग 300 धान की बोरियां रखी गई हैं। मजदूरों के अनुसार करीब 15 हजार बोरियां खराब होकर बर्बाद हो चुकी हैं।
अब मजदूर खराब और सही धान को अलग-अलग छांटने का काम कर रहे हैं। छंटाई के बाद जो धान उपयोग योग्य बच रहा है, उसे मिलों में भेजा जा रहा है। वहीं बड़ी मात्रा में सड़ी और उगी हुई धान बर्बादी की तस्वीर दिखा रही है। बारिश के मौसम में सरकारी धान को खुले में रखने और समय पर सुरक्षित नहीं करने को लेकर जिम्मेदार विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। सवाल यह है कि आखिर इतनी बड़ी मात्रा में सरकारी अनाज खराब होने की जिम्मेदारी किसकी है।
इनका कहना है …
कर्मचारियों की लापरवाही के कारण बोरी फटने से धान खराब हो रही है | इसमें अधिकारी कर्मचारी की गलती है l
शोभा लाल यादव, मजदूर
जब एक गरीब किसान कम पढ़ा लिखा होने के बाद भी धान खराब होने से बचा लेता है पर ये पढे लिखे लोग धान को नहीं बचा पाए, सरकार को जागरूक होने की आवश्यकता है, मानवीय दृष्टिकोण से भी इस तरह खाद्य पदार्थ की बर्बादी गलत है, जिम्मेदारों पर कार्यवाही होना चाहिए l
ओमकार मरकाम, विधायक







