90 घंटे से भूखे-प्यासे चयनित शिक्षक की तबीयत बिगड़ी, नीलम पार्क में डटे अभ्यर्थी

90 घंटे से भूखे-प्यासे चयनित शिक्षक की तबीयत बिगड़ी, नीलम पार्क में डटे अभ्यर्थी
भोपाल, यश भारत। मध्य प्रदेश में शिक्षक भर्ती वर्ग-2 और वर्ग-3 में पदों की संख्या बढ़ाने की मांग को लेकर चयनित शिक्षकों का प्रदर्शन लगातार उग्र होता जा रहा है। राजधानी भोपाल स्थित नीलम पार्क में जारी धरना प्रदर्शन के चौथे दिन आमरण अनशन पर बैठे प्रदर्शनकारी नरेंद्र राजपूत की तबीयत अचानक बिगड़ गई। लगातार 90 घंटे से अन्न और जल का त्याग करने के कारण उनकी शारीरिक स्थिति बेहद चिंताजनक बनी हुई है।
नरेंद्र राजपूत की बिगड़ती हालत को देखकर वहां मौजूद अन्य चयनित अभ्यर्थियों ने तुरंत स्थानीय प्रशासन से संपर्क किया। मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रदर्शनकारी को अस्पताल में भर्ती कराने की सलाह दी। हालांकि, अनशनकारी नरेंद्र राजपूत ने अस्पताल जाने से साफ इनकार कर दिया है।
उनका कहना है कि वे किसी भी हाल में चेकअप के लिए नीलम पार्क छोड़कर कहीं नहीं जाएंगे। यदि प्रशासन को स्वास्थ्य परीक्षण करना है, तो डॉक्टरों की टीम को खुद धरना स्थल पर आकर जांच करनी होगी। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि उनके स्वास्थ्य को कोई गंभीर नुकसान होता है, तो इसकी पूरी जवाबदेही शासन-प्रशासन की होगी।
दूसरी ओर, प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया है कि पार्क के बाहर केवल एंबुलेंस खड़ी कर दी गई है, लेकिन डॉक्टरों की टीम ने अब तक मौके पर पहुंचकर जांच शुरू नहीं की है। चयनित अभ्यर्थियों ने साफ कर दिया है कि जब तक उनकी पद वृद्धि की मांग पूरी नहीं होती, तब तक आंदोलन और अनशन इसी तरह जारी रहेगा।







