पैसे दोगुने करने का झांसा देकर युवक से 83 हजार की ठगी लिंक भेजकर पहले दिया मुनाफा, लालच बढ़ा तो अलग अलग किस्तों में कराए रकम ट्रांसफ

पैसे दोगुने करने का झांसा देकर युवक से 83 हजार की ठगी
लिंक भेजकर पहले दिया मुनाफा, लालच बढ़ा तो अलग अलग किस्तों में कराए रकम ट्रांसफ
भोपाल, यश भारत। रातीबड़ थाना क्षेत्र में ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। जालसाजों ने पैसे दोगुने करने का झांसा देकर एक युवक से 83 हजार रुपए ठग लिए। शुरुआत में आरोपी ने युवक को कम रकम लगाने पर मुनाफा दिया जिससे उसका भरोसा बढ़ गया। इसके बाद अलग अलग किस्तों में बड़ी रकम जमा करा ली गई। ठगी का अहसास होने पर युवक ने साइबर सेल में शिकायत की जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार शिवनगर निवासी 26 वर्षीय राजकुमार निजी काम करते हैं। 19 सितंबर 2025 को उनके मोबाइल पर एक लिंक भेजी गई थी। इसमें रकम निवेश करने पर पैसे दोगुने करने का दावा किया गया था। लिंक पर जाकर जानकारी भरने के बाद राजकुमार ने शुरुआत में 1900 रुपए लगाए। इसके बदले उन्हें 1400 रुपए का मुनाफा मिला। मुनाफा मिलने के बाद उन्हें ज्यादा रकम लगाने का भरोसा हुआ।
इसके बाद उन्होंने अलग अलग किस्तों में रकम ट्रांसफर करना शुरू कर दिया। इस तरह कुल 83 हजार रुपए जमा कर दिए। इसके बाद जब उन्हें न तो मुनाफे की रकम मिली और न ही जमा राशि वापस हुई तब उन्हें ठगी का पता चला। शिकायत के बाद पुलिस अब मोबाइल नंबर लिंक और बैंक खातों की जानकारी के आधार पर आरोपियों का पता लगा रही है।






