कटनी

जीआरपी ने किया कई चोरियों का पर्दाफाश, 3 आरोपी चढ़े हत्थे, डेढ़ लाख का मसरूका बरामद

कटनी, यशभारत। रेलवे स्टेशन और रेलवे क्षेत्र में सक्रिय चोरों के खिलाफ जीआरपी ने कार्रवाई करते हुए तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर सोने चांदी के आभूषण व नकदी सहित कुल 1 लाख 62 हजार रुपए का मसरूका बरामद किया है। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदातों में शामिल होना स्वीकार किया। तीनों को न्यायालय में पेश किया गयाए जहां से उन्हें जिला जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार रेलवे यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए जीआरपी थाना प्रभारी अनिल मरावी ने टीम गठित कर संदिग्धों की तलाश शुरू की थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि तीन संदिग्ध चोरी का माल बेचने की फिराक में हैं। सूचना पर जीआरपी टीम ने घेराबंदी कर विनोद यादव, विनोद कुशवाहा और राघवेन्द्र उर्फ हीरा को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान तीनों ने चोरी की घटनाओं में शामिल होना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर अलग अलग प्रकरणों से संबंधित चोरी का माल बरामद किया। बरामद सामान में एक जोड़ी चांदी की पायल, सोने का लॉकेट, चांदी की छोटी पायल, चांदी की चेन, चांदी की बिछिया और करीब 10 ग्राम वजन की सोने की चेन शामिल है। इसके अलावा अलग-अलग मामलों से संबंधित नकदी भी बरामद की गई। बरामद सोने की चेन की कीमत करीब 1 लाख 4 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस के मुताबिक बरामदगी जीआरपी में दर्ज अलग-अलग प्रकरणों से जुड़ी है, जिनमें भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामले दर्ज हैं। कार्रवाई के बाद तीनों आरोपियों को जिला न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button