कचरा वाहन रुकवाकर निगमायुक्त ने की जांच, सफाई व्यवस्था पर सख्त रुख
पंडित दी गीला-सूखा कचरा पृथक्करण में लापरवाही पर जताई नाराज़गी

कचरा वाहन रुकवाकर निगमायुक्त ने की जांच, सफाई व्यवस्था पर सख्त रुख
पंडित दीनदयाल उपाध्याय वार्ड में औचक निरीक्षण, गीला-सूखा कचरा पृथक्करण में लापरवाही पर जताई नाराज़गी

कटनी, यशभारत। शहर की सफाई व्यवस्था की हकीकत जानने के लिए निगमायुक्त तपस्या परिहार सुबह बिना किसी पूर्व सूचना के सीधे सड़कों पर उतर आईं। वार्ड क्रमांक 17 पंडित दीनदयाल उपाध्याय वार्ड में औचक निरीक्षण के दौरान उन्होंने चलते कचरा वाहन को रुकवाया और उसमें भरे कचरे की खुद जांच शुरू कर दी, जिससे मौके पर मौजूद स्वास्थ्य अमले में हड़कंप मच गया।
निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर गीले और सूखे कचरे का सही पृथक्करण नहीं पाए जाने पर निगमायुक्त ने नाराज़गी जताई और साफ शब्दों में कहा कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सुपरवाइजर और वाहन चालकों को निर्देशित किया कि घर-घर जाकर लोगों को कचरा अलग-अलग देने के लिए जागरूक करें और व्यवस्था को सख्ती से लागू करें।
निगमायुक्त ने दुबे कॉलोनी, तुलसी नगर अपार्टमेंट और आसपास के क्षेत्रों में पैदल भ्रमण कर सफाई, नाली व्यवस्था और जल निकासी की स्थिति का भी बारीकी से निरीक्षण किया। स्थानीय रहवासियों से बातचीत में भी सफाई व्यवस्था को लेकर फीडबैक लिया गया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर की स्वच्छता केवल निगम के भरोसे नहीं रह सकती, इसके लिए रेसिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) की सक्रिय भूमिका जरूरी है। इसी के तहत अपार्टमेंट्स में RWA गठन और जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया।
इसके साथ ही मानसून से पहले नालों की सफाई, सोक पिट निर्माण और क्षतिग्रस्त नालियों की जल्द मरम्मत के निर्देश देते हुए निगमायुक्त ने अधिकारियों को चेताया कि लापरवाही मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।







