पानी लेने गए युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, कटनी से सटे पुरैना गांव में लाश मिलने से सनसनी, हत्या या हादसा, हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस

कटनी/शाहनगर, यशभारत।
पन्ना जिले के शाहनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पुरैना के दिवहाई हार से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां पानी लेने गए एक 28 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुरैना निवासी प्रताप सिंह (28 वर्ष) बुधवार सुबह अपने घर से पास ही स्थित हैंडपंप पर पानी भरने के लिए निकला था। काफी देर तक जब वह घर वापस नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई। अनहोनी की आशंका के चलते परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद दिवहाई हार के पास प्रताप सिंह का शव संदिग्ध अवस्था में पड़ा हुआ मिला, जिसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही शाहनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल युवक की मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। पुलिस मामले को संदिग्ध मानते हुए हत्या और दुर्घटना दोनों पहलुओं से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। इस घटना के बाद से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में शोक और तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।







