10 दिन में दुकानें खाली करने के नोटिस से व्यापारी नाराज 700 व्यापारियों ने विद्या सागर चौराहे से अवधपुरी तक निकाली रैली, नगर निगम की कार्रवाई का विरोध

10 दिन में दुकानें खाली करने के नोटिस से व्यापारी नाराज
700 व्यापारियों ने विद्या सागर चौराहे से अवधपुरी तक निकाली रैली, नगर निगम की कार्रवाई का विरोध
भोपाल, यश भारत। नगर निगम द्वारा रहवासी क्षेत्रों में कमर्शियल गतिविधियों के खिलाफ की जा रही कार्रवाई और दुकानों को 10 दिन में खाली करने के नोटिस के विरोध में शनिवार को विद्या सागर व्यापारी संघ ने रैली निकाली। विद्या सागर चौराहे से शुरू हुई रैली अवधपुरी चौराहे तक पहुंची। प्रदर्शन में करीब 700 व्यापारी शामिल हुए। बड़ी संख्या में महिला व्यापारी भी रैली में शामिल रहीं। व्यापारियों ने नगर निगम की कार्रवाई पर आक्रोश जताते हुए कहा कि वे लंबे समय से अपनी दुकानों और प्रतिष्ठानों से जुड़े विभिन्न कर एवं शुल्क नियमित रूप से जमा कर रहे हैं। व्यापारियों का दावा है कि वे कमर्शियल प्रॉपर्टी टैक्स के साथ बिजली बिल, गुमाश्ता जीएसटी और इनकम टैक्स भी भर रहे हैं। इसके बावजूद अचानक दुकानें खाली करने के नोटिस दिए जा रहे हैं।
बोनहींले- 10 दिन में दुकानें शिफ्ट करना संभव
व्यापारियों ने कहा कि 10 दिन की समय सीमा बेहद कम है। इतनी कम अवधि में दुकान खाली कर दूसरी जगह कारोबार शुरू करना व्यावहारिक रूप से संभव नहीं है। कई व्यापारियों ने बैंक से लोन ले रखा है। ऐसे में अचानक कारोबार बंद होने से उन पर आर्थिक संकट बढ़ सकता है। व्यापारियों का कहना है कि एक दुकान से केवल एक व्यक्ति का नहीं बल्कि कई परिवारों का रोजगार जुड़ा हुआ है। यदि दुकानें बंद होती हैं तो व्यापारियों के साथ-साथ वहां काम करने वाले कर्मचारियों और अन्य संबंधित लोगों के सामने भी रोजगार का संकट खड़ा हो सकता है। व्यापारी संघ ने नगर निगम से कार्रवाई पर पुनर्विचार करने और पर्याप्त समय देने की मांग की है। व्यापारियों का कहना है कि नियमों का पालन कराने के लिए व्यावहारिक समाधान निकाला जाए, ताकि कारोबार और उससे जुड़े परिवारों की आजीविका प्रभावित न हो।







