देशमध्य प्रदेश

500 साल पुरानी 3 टन वजनी ऐतिहासिक तोप चोरी, हथियारबंद बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम

क्रेन और ट्रक लेकर पहुंचे थे बदमाश

शिवपुरी। मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले स्थित ऐतिहासिक नरवर किले से 500 वर्ष पुरानी और करीब 3,000 किलोग्राम वजनी ऐतिहासिक तोप चोरी होने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। सिंधिया राजवंश से जुड़ी इस धरोहर को 25 से 30 हथियारबंद बदमाश रात के अंधेरे में किले से उठाकर ले गए। घटना ने पुरातात्विक धरोहरों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, 15 और 16 जुलाई की दरमियानी रात बदमाश किले के ओपन कचहरी परिसर में पहुंचे, जहां 14 ऐतिहासिक तोपें रखी थीं। आरोपियों ने सुरक्षाकर्मियों को हथियारों के बल पर धमकाया और विरोध करने पर जान से मारने की चेतावनी दी। इसके बाद वे एक कीमती तोप को ट्रक में लादकर फरार हो गए। घटना के बाद परिसर में अब केवल 13 तोपें बची हैं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पूरी तैयारी के साथ आए थे। भारी-भरकम तोप को ले जाने के लिए वे अपने साथ क्रेन और ट्रक लेकर पहुंचे थे। उन्होंने किले के पिछले मार्ग का उपयोग करते हुए योजनाबद्ध तरीके से पूरी वारदात को अंजाम दिया।

ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मी बालकिशन ने बताया कि बदमाशों के पास आधुनिक हथियार थे, जबकि सुरक्षा कर्मचारियों के पास केवल लाठी थी। परिसर में पर्याप्त रोशनी और अन्य बुनियादी सुरक्षा संसाधनों का भी अभाव था। जान का खतरा देखते हुए सुरक्षाकर्मी उनका विरोध नहीं कर सके।

बताया जा रहा है कि घटना से करीब 12 दिन पहले भी किले के आसपास संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था मजबूत नहीं की गई। अब इस बड़ी चोरी के बाद प्रशासन और संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है और यह भी जांच की जा रही है कि चोरी के पीछे कोई संगठित गिरोह तो सक्रिय नहीं है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button