मध्य प्रदेशराज्य

आईटीआई छात्र का अपहरण कर बेरहमी से की पिटाई : वीडियो वायरल होने के बाद 5 आरोपी व 4 नाबालिग पकड़े

सिवनी यश भारत:-सिवनी शहर में एक आईटीआई छात्र के साथ बंधक बनाकर की गई बेरहमी से मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आज शुक्रवार को पांच आरोपियों और चार विधि-विवादित बालकों को गिरफ्तार किया है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त डंडा और क्लच वायर भी जब्त कर लिया है।

पुलिस अधीक्षक कृष्ण लाल चंदानी ने बताया कि पीड़ित सोहेल खान, निवासी भोमा थाना कान्हीवाड़ा, आईटीआई चूनाभट्टी में अध्ययनरत है। जांच में सामने आया कि 7 जून की दोपहर वह आईटीआई राहंगडाले की कैंटीन में मौजूद था। इसी दौरान तीन मोटरसाइकिलों पर सवार होकर पहुंचे कुछ युवक उसे जबरन अपने साथ खैरीटेक के पास एक सुनसान स्थान पर ले गए, जहां पहले से मौजूद अन्य युवकों के साथ मिलकर उसकी बेरहमी से पिटाई की गई।

बताया गया कि आरोपियों ने छात्र पर अपनी बहन से बातचीत करने का आरोप लगाया और इसी बात को लेकर उसके साथ हाथ, लात, घूंसों, पाइप, डंडे, क्लच वायर और रस्सी से मारपीट की। आरोप है कि पूरी घटना का वीडियो भी बनाया गया। इतना ही नहीं, पीड़ित की पीठ पर बने घावों पर तेल में नमक और मिर्च मिलाकर लगाया गया, जिससे उसे और अधिक पीड़ा पहुंचाई गई। बाद में उसे वापस आईटीआई लाकर एक युवती से पैर पकड़वाकर माफी मंगवाई गई तथा जान से मारने की धमकी देकर छोड़ दिया गया। भय के कारण पीड़ित ने तत्काल पुलिस में शिकायत नहीं की।

वीडियो वायरल होने के बाद मामला पुलिस के संज्ञान में आया। पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर पांच युवकों और चार नाबालिगों को हिरासत में लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में ईश्वर उर्फ अस्मित मानाठाकुर, मंजीत रैकवार, भूपेंद्र उर्फ लकी विश्वकर्मा, जीतू उर्फ अभय उइके और अभिषेक उइके शामिल हैं। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी अस्मित मानाठाकुर के खिलाफ पहले से मारपीट और अपहरण सहित कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश लगातार जारी है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button