मध्य प्रदेशराज्य

17.86 करोड़ रूपये की लागत से निखरा रेलवे स्टेशन :अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत हुआ कायाकल्प, आधुनिक सुविधाओं और जनजातीय संस्कृति का अनूठा संगम

 

मंडला। कभी देश के प्रमुख नैरोगेज जंक्शनों में शुमार मध्यप्रदेश के मंडला जिले का ऐतिहासिक नैनपुर रेलवे स्टेशन अब आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित नए स्वरूप में तैयार हो गया है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (दपूमरे), नागपुर मंडल के अंतर्गत अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत लगभग 17.86 करोड़ रुपये की लागत से स्टेशन का व्यापक पुनर्विकास कार्य पूरा किया गया है। स्टेशन को आधुनिक यात्री सुविधाओं के साथ स्थानीय सांस्कृतिक पहचान को भी ध्यान में रखकर विकसित किया गया है। पुनर्विकास के तहत स्टेशन परिसर में आधुनिक प्रतीक्षालय, उन्नत पेयजल व्यवस्था, फूड स्टॉल तथा यात्रियों के लिए आरामदायक बैठने की व्यवस्था विकसित की गई है। सुरक्षा और सूचना व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए हाई मास्ट एलईडी लाइटें, सीसीटीवी निगरानी प्रणाली, मल्टी-लाइन डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड तथा आधुनिक पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम स्थापित किया गया है।

सुगम आवागमन के लिए बेहतर सुविधाएं

स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया का विस्तार कर दोपहिया, तीन पहिया और चार पहिया वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग की व्यवस्था की गई है। वहीं बुजुर्गों, दिव्यांगजनों और अन्य यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लिफ्ट तथा रैंप का निर्माण किया गया है, जिससे स्टेशन तक पहुंच आसान और सुगम हो सके।

 

नैनपुर स्टेशन भवन को आधुनिक वास्तुकला के साथ स्थानीय जनजातीय कला एवं संस्कृति से सजाया गया है। भवन की दीवारों पर आकर्षक वॉल पेंटिंग बनाई गई हैं, जबकि बांस और बेंत जैसी प्राकृतिक सामग्रियों से प्रेरित डिज़ाइन स्टेशन को विशिष्ट पहचान प्रदान करते हैं। इसके साथ ही प्राकृतिक रोशनी के अधिकतम उपयोग, वर्षा जल संचयन (रेन वाटर हार्वेस्टिंग), आधुनिक कचरा प्रबंधन तथा हरित क्षेत्र (लैंडस्केपिंग) के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया गया है।

पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगा बढ़ावा

नैनपुर रेलवे स्टेशन कान्हा राष्ट्रीय उद्यान सहित मंडला जिले और आसपास के प्रमुख पर्यटन स्थलों का महत्वपूर्ण प्रवेश द्वार माना जाता है। स्टेशन के आधुनिकीकरण से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इससे स्थानीय व्यापार, रोजगार और क्षेत्रीय आर्थिक विकास को नई गति मिलने की संभावना जताई जा रही है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button