जीआरपी भोपाल की बड़ी कार्रवाई, जून में 46.25 लाख का माल बरामद, 124 मोबाइल जब्त

जीआरपी भोपाल की बड़ी कार्रवाई, जून में 46.25 लाख का माल बरामद, 124 मोबाइल जब्त
भोपाल, यश भारत । ट्रेनों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए जीआरपी भोपाल ने जून 2026 में विशेष अभियान चलाकर बड़ी सफलता हासिल की है। रेलवे पुलिस ने करीब 46.25 लाख रुपये मूल्य की चोरी गई संपत्ति बरामद की है, जबकि 124 चोरी के मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।
रेल पुलिस अधीक्षक भोपाल के निर्देशन में सभी जीआरपी थाना प्रभारियों और रेलवे डीएसपी को आदतन अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसके तहत मोबाइल चोरी के मामलों को चिन्हित कर विशेष अभियान चलाया गया, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए। साथ ही अपराध की दृष्टि से संवेदनशील 10 ट्रेनों की नियमित मॉनिटरिंग और चेकिंग भी कराई गई। ऑपरेशन विशेष मुस्कान के तहत जीआरपी ने 9 लापता बच्चों को सकुशल दस्तयाब कर उनके परिजनों से मिलवाया।
जून माह की प्रमुख उपलब्धियां
जीआरपी इटारसी ने ट्रेनों में चोरी करने वाले शातिर बदमाश को गिरफ्तार कर 8.52 लाख रुपये के मोबाइल और जेवरात बरामद किए।
जीआरपी रानी कमलापति ने दो अलग-अलग मामलों में चोरी गया सोने का मंगलसूत्र और 1.02 लाख रुपये नकद सहित कुल 2.52 लाख रुपये का माल बरामद किया।
इटारसी जीआरपी ने एक अन्य कार्रवाई में ट्रेनों में चोरी करने वाले आरोपी को पकड़कर 1.50 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया।
15 वर्षीय नाबालिग बालिका को जीआरपी रानी कमलापति ने 24 घंटे के भीतर सकुशल दस्तयाब कर आरोपी को गिरफ्तार किया।
बोरदेही रेलवे स्टेशन पर हुए सामूहिक हत्याकांड में शामिल सभी 8 आरोपियों को जीआरपी आमला ने गिरफ्तार कर लिया।
जीआरपी अधिकारियों का कहना है कि रेलवे क्षेत्र में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और यात्रियों की सुरक्षा के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।







