कटनी
13 थानों को मिलेगा आईएसओ सार्टिफिकेट, एनकेजे थाने में आज शाम आईएसओ टीम की मौजूदगी में कार्यक्रम, आईजी और डीआईजी भी रहेंगे मौजूद


पीएचक्यू के प्रयास, कप्तान की पहल
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के प्रयासों से कटनी जिले के एक दर्जन पुलिस थानों को अंतर्राष्ट्रीय मानकीकरण (आईएसओ) प्राप्त करने की प्रक्रिया शुरू की गई थी। इन थानों को बुनियादी सुविधाओं, शिकायत निवारण, महिला सुरक्षा और स्वच्छता जैसे मानकों पर खरा उतरने के लिए तैयार किया गया। इस दिशा में मध्यप्रदेश पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। इससे पहले कटनी जिले के विजयराघवगढ़ थाने को आईएसओ प्रमाण पत्र मिल चुका था, लेकिन तीन साल की अवधि पूरी होने के बाद विजयराघवगढ़ थाने को एक बार फिर आईएसओ प्रमाण पत्र के लिए तैयार किया गया है।
आईएसओ सार्टिफिकेशन के उद्देश्य
थानों को आईएसओ सार्टिफिकेशन दिए जाने का मुख्य उद्देश्य थानों में आने वाले फरियादियों और नागरिकों को बेहतरीन पुलिसिंग सेवाएं प्रदान करना है। इसके मूल्यांकन में मुख्य रूप से पुलिसकर्मियों का शिकायतकर्ताओं के साथ शालीन व्यवहार और समय पर शिकायत का पंजीकरण, मामलों का त्वरित निराकरण, दर्ज की गई एफआईआर की संख्या और जांच में पारदर्शिता, थाने में आने वाले आगंतुकों के लिए बैठने की उचित व्यवस्था, साफ सफाई, रिकॉर्ड रूम का व्यवस्थित रख रखाव और अलग महिला हेल्प डेस्क शामिल है।
फरियादियों के बैठने की उचित व्यवस्था
पुलिस थानों को दिया जाने वाला आईएसओ सर्टिफिकेशन एक अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता मानक है। यह प्रमाण पत्र थानों में नागरिक केंद्रित सेवाओं, मामलों के त्वरित निस्तारण, बेहतर रिकॉर्ड प्रबंधन, साफ सफाई और पारदर्शी कार्यप्रणाली को सुनिश्चित करने के लिए प्रदान किया जाता है। इसके प्रमुख मापदंडों में जनता की शिकायतों को दर्ज करने और निर्धारित समय सीमा के भीतर उनके समाधान की प्रक्रिया, कम्प्यूटरीकृत और व्यवस्थित तरीके से केस डायरी, एफआईआर और अन्य फाइलों का रखरखाव, थाने में महिला हेल्प डेस्क की मौजूदगी तथा महिलाओं और बच्चों से जुड़े अपराधों पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई, थाने में आने वाले फरियादियों के बैठने की उचित व्यवस्था, साफ सफाई और स्वच्छ वातावरण, गश्त व्यवस्था, अपराधियों की समय पर गिरफ्तारी शामिल है।







