पैसे के लेनदेन के विवाद में युवक पर जानलेवा हमला, सिर पर डंडे से किया वार

पैसे के लेनदेन के विवाद में युवक पर जानलेवा हमला, सिर पर डंडे से किया वार
भोपाल,यशभारत। राजधानी के बिलखिरिया थाना क्षेत्र में पैसे के लेनदेन के विवाद को लेकर एक युवक पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने विवाद के दौरान युवक के सिर पर डंडे से ताबड़तोड़ वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित मनोहर रघुवंशी का आरोपी विजय मालवीय, आकाश और आशीष के साथ पैसे के लेनदेन को लेकर कुछ समय से विवाद चल रहा था। घटना के वक्त इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में एक बार फिर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने मनोहर पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया।
हमले के दौरान आरोपियों ने मनोहर के सिर पर डंडे से जोरदार वार किया, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर गया। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। आस-पास के लोगों ने घायल युवक को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।
बिलखिरिया थाना पुलिस के मुताबिक, पीड़ित मनोहर रघुवंशी की शिकायत पर आरोपी विजय मालवीय, आकाश और आशीष के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।







