घर की बाड़ी में लगाए गांजे के पौधे, लहलहा रही थी फसल, विजयराघवगढ़ पुलिस की दबिश, आरोपी गिरफ्तार

कटनी, यशभारत। विजयराघवगढ़ पुलिस ने मुखबिरों की सूचना पर बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम घुघरी में घर के सामने बाड़ी में गांजा की फसल को जब्त करने में सफलता हासिल की है। थाना प्रभारी अभिषेक चौबे ने बताया कि पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य व अनुविभागीय अधिकारी वीरेन्द्र धार्वे के मार्गदर्शन में विजयराघवगढ़ पुलिस को यह सफलता प्राप्त हुई। बताया जाता है कि 25 जून को विजयराघवगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत रेड कार्यवाही के दौरान ग्राम घुघरी में सुरेश चौधरी के घर के सामने बाड़ी में गांजा के पौधे जैसे हरे रंग के तीन नग पौधे दिखाई दिये। पौधों को उखड़वाकर चेक किया गया। मादक पदार्थ गांजा के पौधे होना पाए गए। तौल कार्यवाही के दौरान 570 ग्राम गांजा के पौधे मिले। आरोपी सुरेश चौधरी पिता स्व. सेमाली चौधरी निवासी ग्राम घुघरी के विरूद्ध धारा 8/20 एनएनपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। कार्यवाही में थाना प्रभारी अभिषेक चौबे, एसआई शैलेन्द्र सिंह, एएसआई संतोष कुमार स्वामी, आरक्षक पप्पू प्रजापति की मुख्य भूमिका रही।





