थार के बोनट पर 1 किमी तक लटका रहा अरशद बाबा गैंग का बदमाश

थार के बोनट पर 1 किमी तक लटका रहा अरशद बाबा गैंग का बदमाश
काजी कैंप में सिरोंज के युवक को बदमाशों ने घेरा; जान बचाने को युवक ने दौड़ाई गाड़ी तो बोनट पर कूदा आरोपी, सीसीटीवी में कैद हुई सनसनीखेज वारदात
भोपाल, यशभारत। राजधानी के हनुमानगंज थाना क्षेत्र स्थित काजी कैंप में बदमाशों ने सरेराह आतंक मचाते हुए एक थार गाड़ी को घेर लिया। कुख्यात अरशद बाबा गैंग के बदमाशों ने गाड़ी चालक से 15 हजार रुपये की रंगदारी मांगी और पैसे न देने पर उस पर हमला कर दिया। बदमाशों से जान बचाने के लिए जब युवक ने गाड़ी दौड़ाई, तो गैंग का एक बदमाश फिल्मी स्टाइल में थार के बोनट पर ही बैठ गया। युवक करीब एक किलोमीटर तक गाड़ी दौड़ाता रहा और बदमाश बोनट पर ही अड़ा रहा। इस रोंगटे खड़े कर देने वाले घटनाक्रम का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
सगाई समारोह में आया था पीड़ित, बदमाशों ने घेरा
जानकारी के अनुसार, सिरोंज निवासी 24 वर्षीय अदनान खान भोपाल में अपनी बुआ के घर आयोजित एक सगाई समारोह में शामिल होने आया था। मंगलवार सुबह जब वह अपनी थार गाड़ी लेकर काजी कैंप इलाके से गुजर रहा था, तभी अरशद बाबा गैंग के 8-10 बदमाशों ने उसे बीच रास्ते में घेर लिया। बदमाशों ने पहले अदनान से पूछताछ की और फिर धौंस जमाते हुए कहा कि इलाके में इतनी महंगी गाड़ी लेकर घूमने के लिए 15 हजार रुपये का टैक्स देना पड़ेगा।
विरोध करने पर मारपीट, जान बचाने को दौड़ाई थार
जब अदनान ने पैसे देने से साफ इनकार कर दिया, तो बदमाशों ने उसे घेरकर पीटना शुरू कर दिया और धारदार चाकू निकाल लिए। बदमाशों के इरादे भांपकर अदनान ने खुद को बचाने के लिए अपनी थार गाड़ी को तेजी से आगे बढ़ाया। इसी दौरान अदनान को भागने से रोकने के लिए एक बदमाश सीधे थार के बोनट पर कूदकर बैठ गया। इसके बावजूद बाकी बदमाश बाइकों से थार का पीछा करने लगे, जिसके चलते अदनान ने गाड़ी नहीं रोकी।
संभावना ट्रस्ट के पास ब्रेक लगाते ही गिरा बदमाश
बदमाश थार के बोनट पर करीब 1 किलोमीटर दूर तक लटका रहा। अदनान गाड़ी को भगाते हुए जैसे ही संभावना ट्रस्ट के पास पहुंचा, उसने अचानक जोर से ब्रेक लगा दिए। तगड़ा झटका लगते ही बोनट पर बैठा बदमाश सीधे सड़क पर जा गिरा। आरोपी के गिरते ही अदनान ने गाड़ी की रफ्तार बढ़ाई और सीधे अपनी बुआ के घर पहुंचा। वहां परिजनों को पूरा वाकया बताने के बाद अदनान परिवार के साथ हनुमानगंज थाने पहुंचा और आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया।
हनुमानगंज पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज में बदमाश साफ तौर पर थार के बोनट पर बैठा दिखाई दे रहा है। आरोपियों की पहचान अरशद बाबा गैंग के सदस्यों के रूप में हुई है, जिन पर पहले भी एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर और होटल संचालक पर जानलेवा हमला करने के मामले दर्ज हैं। पुलिस फुटेज और साक्ष्यों के आधार पर फरार आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है।







