यशभारत ब्रेकिंग : बरेला में फिर खून से लाल हुई सड़क,ट्राला की टक्कर से एक की मौत, चार गंभीर
मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा

जबलपुर, यशभारत। बरेला थाना क्षेत्र में सोमवार शाम भीषण सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि क्रेटा कार से सवार लोग कहीं जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार ट्राला ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही बरेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा। जहां एक व्यक्ति को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि चार घायलों का इलाज जारी है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने ट्राला चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही हादसे की वजह मानी जा रही है। घटना के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने सुचारू कराया।






