दो अलग-अलग इलाकों में चाकूबाजी, दो युवक गंभीर घायल

दो अलग-अलग इलाकों में चाकूबाजी, दो युवक गंभीर घायल
भोपाल, यशभारत। राजधानी में बेखौफ बदमाशों के हौसले पस्त होने का नाम नहीं ले रहे हैं। शहर के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में मामूली कहासुनी के बाद चाकूबाजी की घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों मामलों में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहला मामला पिपलानी थाना क्षेत्र के चांदमारी इलाके का है, जहां मामूली विवाद को लेकर रवि प्रजापति और राकेश प्रजापति ने 17 वर्षीय अंशू पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में नाबालिग गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल को अस्पताल पहुंचाया और आरोपियों खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
वहीं, दूसरी वारदात गौतम नगर थाना क्षेत्र में हुई। यहां 25 वर्षीय रईश अंसारी का आरोपी लड्डू बच्चा टकलू से विवाद हो गया। गाली-गलौज के दौरान आरोपी ने तैश में आकर रईश पर चाकू से हमला कर दिया। खून से लथपथ रईश को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की धरपकड़ के प्रयास तेज कर दिए हैं।







