
लखनऊ। तिरुवनंतपुरम से गोरखपुर जा रही 12512 राप्तीसागर एक्सप्रेस में शनिवार दोपहर बम की अफवाह फैलने से यात्रियों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही ऐशबाग रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-1 पर ट्रेन को रोक दिया गया। आरपीएफ, जीआरपी, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड ने तुरंत पूरे ट्रेन की सघन तलाशी शुरू की। करीब एक घंटे तक चली जांच में कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक नहीं मिला। इसके बाद ट्रेन को गोरखपुर के लिए रवाना कर दिया गया।
जीआरपी की पूछताछ में पता चला कि अफवाह फैलाने वाला युवक सैनी जैकी, उम्र 26 वर्ष, पुत्र सोवनाथ, निवासी विमलवाड़ा, थाना बेमू पुलवाड़ा, जनपद रजाना, तेलंगाना का है। उसे ट्रेन में बैठने की जगह नहीं मिल रही थी। इसी नाराजगी में उसने बम होने की झूठी सूचना फैला दी, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
जीआरपी ने आरोपी को हिरासत में लेकर केस दर्ज कर लिया है। उसके खिलाफ रेलवे एक्ट और अफवाह फैलाने की धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। रेलवे ने कहा कि ऐसी हरकत करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।







