बस स्टैंड ऑडिटोरियम में आज सजेगा प्रतिभा सम्मान समारोह
ग्रीष्मकालीन शिविर के समापन पर बच्चों की रचनात्मकता का होगा प्रदर्शन

बस स्टैंड ऑडिटोरियम में आज सजेगा प्रतिभा सम्मान समारोह
ग्रीष्मकालीन शिविर के समापन पर बच्चों की रचनात्मकता का होगा प्रदर्शन
कटनी। नगर पालिक निगम कटनी द्वारा विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक एवं व्यक्तित्व विकास के उद्देश्य से आयोजित 11 दिवसीय ग्रीष्मकालीन शिविर का समापन एवं प्रतिभा सम्मान समारोह आज शाम 4 बजे स्वामी विवेकानंद सभागार (ऑडिटोरियम), बस स्टैंड कटनी में आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम में शिविर के दौरान विभिन्न खेलकूद, सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही बच्चों द्वारा तैयार की गई पेंटिंग, हस्तकला एवं आर्ट एंड क्राफ्ट की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, जो कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहेगी। विद्यार्थियों द्वारा स्केटिंग, आत्मरक्षा, गायन, वादन, वेस्टर्न डांस एवं कथक नृत्य सहित विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। 
इस अवसर पर मास्टर ट्रेनर्स का सम्मान किया जाएगा तथा सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को सहभागिता प्रमाण पत्र वितरित किए जाएंगे। कार्यक्रम में बच्चों द्वारा अपने अनुभव भी साझा किए जाएंगे।नगर निगम प्रशासन ने नागरिकों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों से कार्यक्रम में उपस्थित होकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।







