वेंकट लाइब्रेरी में व्यवस्थाओं का निरीक्षण, सुधार कार्यों पर फ़ोकस
अध्ययन सुविधाओं को बेहतर बनाने फर्नीचर, पुस्तक संग्रह और तकनीकी संसाधनों की समीक्षा

वेंकट लाइब्रेरी में व्यवस्थाओं का निरीक्षण, सुधार कार्यों पर फ़ोकस
अध्ययन सुविधाओं को बेहतर बनाने फर्नीचर, पुस्तक संग्रह और तकनीकी संसाधनों की समीक्षा

कटनी। वेंकट लाइब्रेरी में उपलब्ध अध्ययन व्यवस्थाओं की गुणवत्ता और संचालन प्रणाली का निगमायुक्त तपस्या परिहार द्वारा विस्तार से निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पुस्तकालय में मौजूद फर्नीचर, पुस्तक संग्रह, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल सुविधा, साफ-सफाई और कंप्यूटर कक्ष की स्थिति का बारीकी से अवलोकन किया गया।
निरीक्षण में पाया गया कि अध्ययन कक्षों में बैठने की व्यवस्था, बुक शेल्फ की स्थिति और उपलब्ध पुस्तकों के वर्गीकरण को और अधिक व्यवस्थित करने की आवश्यकता है, ताकि विद्यार्थियों को आवश्यक अध्ययन सामग्री आसानी से उपलब्ध हो सके। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए नवीनतम और उपयोगी पुस्तकों की उपलब्धता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।
लाइब्रेरी परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए प्रसाधन कक्षों और सामान्य क्षेत्रों में नियमित स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि अध्ययन केंद्र में शांत और स्वच्छ वातावरण बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है।
कंप्यूटर कक्ष में उपलब्ध तकनीकी संसाधनों की भी समीक्षा की गई। इस दौरान सिस्टम की कार्यप्रणाली, इंटरनेट सुविधा और सुरक्षा उपायों का परीक्षण किया गया। कंप्यूटरों की बेहतर कार्यक्षमता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक सॉफ्टवेयर अपडेट और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की आवश्यकता बताई गई।
फर्नीचर की स्थिति को देखते हुए अध्ययन हेतु बैठने की सुविधा को और अधिक आरामदायक एवं व्यवस्थित बनाने के लिए सुधार कार्यों का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए। साथ ही परिसर में पेयजल की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक तकनीकी समाधान जैसे बोरिंग आदि पर भी विचार किया गया।
निरीक्षण में यह स्पष्ट किया गया कि वेंकट लाइब्रेरी को एक सुव्यवस्थित और आधुनिक अध्ययन केंद्र के रूप में विकसित करने की आवश्यकता है, जहां विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण, पर्याप्त संसाधन और सुविधाजनक अध्ययन व्यवस्था उपलब्ध हो सके।
निरीक्षण के दौरान लाइब्रेरी प्रभारी विजय शर्मा, उपयंत्री जेपी बघेल, स्टेनो आलोक तिवारी, प्रमोद साहू, विनोद सिंह चौहान सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।







