दर्दनाक हादसा : कुएं में गिरने से पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत, क्षेत्र में हड़कंप

दमोह,पथरिया l दमोह में आज उस वक्त हड़कंप मच गया जब दर्दनाक हादसे में पिता पुत्र की मौत हो गई। एक साथ पिता पुत्र की अर्थी निकलते देख लोगों के आंसू नहीं रुके, शवयात्रा में सैकड़ों आदमी सम्मिलित हुए,मामला है ग्राम बांसाकला का , जहा मंगलवार को एक हृदयविदारक हादसा हो गया। कुएं से मोटर निकालने के दौरान रस्सी अचानक टूट जाने से पिता और पुत्र कुएं में गिर गए, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बांसाकला निवासी रामदयाल ठाकुर (55 वर्ष) एवं उनके पुत्र संजय ठाकुर (35 वर्ष) कुएं से मोटर निकालने का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान मोटर को खींच रही रस्सी अचानक टूट गई, जिससे संतुलन बिगड़ने पर दोनों सीधे कुएं में जा गिरे। गंभीर चोट लगने से दोनों की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। सूचना पर पथरिया थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की सहायता से दोनों के शवों को कुएं से बाहर निकलवाया गया।
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण रस्सी का टूटना बताया जा रहा है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।इस दुखद घटना से ग्राम बांसाकला सहित पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने मृतकों के परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।







