
ई-ट्रांजिट पास से ज्यादा रेत लेकर दौड़ रहे थे वाहन, खनिज विभाग ने तीन भारी वाहन किए जब्त
कलेक्टर के निर्देश पर कार्रवाई में ओवरलोडिंग और ईटीपी में गड़बड़ी का खुलासा, अवैध खनिज परिवहन पर प्रशासन का सख्त रुख

कटनी, यशभारत। जिले में अवैध खनिज परिवहन और राजस्व चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रेत का परिवहन कर रहे दो डंपर और एक हाइवा वाहन को जब्त किया है। जांच के दौरान तीनों वाहनों में ई-ट्रांजिट पास (ईटीपी) में दर्ज मात्रा से अधिक रेत परिवहन किए जाने का मामला सामने आया, जिसके बाद उन्हें तत्काल जब्त कर पुलिस अभिरक्षा में सौंप दिया गया।
कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के विरुद्ध लगातार सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में खनिज विभाग की टीम ने बीती रात विभिन्न मार्गों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाकर संदिग्ध वाहनों की जांच की। जांच के दौरान वाहनों में लदे खनिज की मात्रा का मिलान ई-ट्रांजिट पास में दर्ज विवरण से किया गया, जिसमें गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।
उप संचालक खनिज रत्नेश दीक्षित ने बताया कि जांच में पाया गया कि वाहनों में लदी रेत की मात्रा ईटीपी में दर्ज मात्रा से अधिक थी। यह न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि शासन के राजस्व को भी नुकसान पहुंचाने का प्रयास माना जाता है। अनियमितता की पुष्टि होने पर विभागीय अमले ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए तीनों वाहनों को जब्त कर लिया।
कार्रवाई के दौरान हाइवा क्रमांक सीजी-04-पीबी-6082 तथा डंपर क्रमांक एमपी-21-जी-0686 और एमपी-21-एच-0720 को ग्राम जोहिला क्षेत्र से पकड़ा गया। जब्त किए गए वाहनों को पुलिस थाना एनकेजे की अभिरक्षा में खड़ा कराया गया है।
खनिज विभाग ने तीनों वाहनों के विरुद्ध मध्यप्रदेश खनिज (अवैध उत्खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियमों के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। संबंधित मामलों को अग्रिम सुनवाई एवं दंडात्मक कार्रवाई के लिए कलेक्टर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन, ओवरलोडिंग तथा राजस्व को क्षति पहुंचाने वाली गतिविधियों के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई गई है। नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार सख्त और निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।







