लुटेरी बाइकर्स गैंग : तीन आरोपियों ने दंपति के पर्स में मारा झपट्टा,फरार

रीवा। मऊगंज जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र में बाइकर्स द्वारा पति-पत्नी के साथ लूट की घटना सामने आई है। महिला के पर्स में 50 हजार रुपए थे, जो छीनकर बदमाश भाग निकले बताया गया है कि इस घटना को अंजाम देने वाले बदमाश 3 की संख्या में थे। शाहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पतुलखी छत्रपाल सिंह निवासी लालमणि मिश्रा 65 वर्ष ने खटखरी चौकी में शिकायत दर्ज करते हुए बताया कि गृह निर्माण कार्य को लेकर उन्हें खटखरी बाजार में खरीदारी करनी थी। घर में 20 हजार रुपए रखे थे। इसके अलावा सोमवार को हनुमना एसबीआई बैंक से 30 हजार रुपए निकाले थे। खटखरी बाजार में जिस दुकान से खरीदारी करनी थी, वह बंद थी। बताया गया है कि वे पत्नी के साथ ऑटो से सगरा मोड़ तक पहुंचे। इसके बाद घर जाने के लिए पैदल चल दिए। कुछ ही दूरी पर पहुंचे तभी बाइक में सवार 3 बदमाशों ने झपट्टा मारकर पत्नी संगीता से पर्स छीन लिया। बताया गया है कि पर्स में 50 हजार की नकदी सहित बैंक पास बुक आदि रखे थे। पुलिस ने बताया कि इस घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोपियों की पतासाजी की जा रही है।
बुधवार को पीडित दंपति ने एसपी ऑफिस जाकर यह शिकायत दर्ज कराई कि इस घटना को लेकर उन्हें कुछ लोगों पर आशंका है, लेकिन पुलिस द्वारा इस बिन्दु पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।







