मध्य प्रदेशराज्य

कुएं के धंसकने से बड़ा हादसा :  मां-बेटी मलबे में दबीं, वृद्ध महिला घायल, युद्धस्तर पर रेस्क्यू अभियान जारी

सिवनी यश भारत:-सिवनी जिले के बडोल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दुकली में सोमवार डोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। गांव में स्थित एक किसान का कुआं अचानक धंसक जाने से मां-बेटी मलबे में दब गईं, जबकि एक वृद्ध महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम दुकली में स्थित एक कुएं के आसपास कार्य के दौरान अचानक उसकी दीवार और आसपास की मिट्टी भरभराकर गिर गई। इस हादसे में अनुसुइया जंघेला (41 वर्ष) और उनकी पुत्री स्वाति जंघेला (17 वर्ष) मलबे के नीचे दब गईं। ऐसी जानकारी मिली है, वहीं समानिया बाई जंघेला (75 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गईं।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर बडोल पुलिस, प्रशासनिक अमला और अन्य राहत दल भी मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों और प्रशासन की संयुक्त टीम द्वारा मलबे में दबे लोगों को निकालने के लिए युद्धस्तर पर रेस्क्यू अभियान चलाया गया।

बचाव दल ने घायल वृद्ध महिला समानिया बाई जंघेला को मलबे से बाहर निकालकर तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। दूसरी ओर मलबे में दबी अनुसुइया जंघेला और स्वाति जंघेला को सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास लगातार जारी हैं।

घटना स्थल पर पुलिस बल तैनात है और सुरक्षा की दृष्टि से आसपास के क्षेत्र को घेराबंदी कर नियंत्रित किया गया है। रेस्क्यू टीम जेसीबी मशीनों तथा अन्य आवश्यक संसाधनों की सहायता से सावधानीपूर्वक मलबा हटाने का कार्य कर रही है। ग्रामीण भी बड़ी संख्या में राहत कार्य में सहयोग कर रहे हैं।

इस हृदयविदारक घटना से ग्राम दुकली सहित पूरे क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है। प्रशासन द्वारा हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं ताकि मलबे में दबी मां-बेटी को जल्द से जल्द बाहर निकाला जा सके। घटना के संबंध में पुलिस और प्रशासन द्वारा आगे की जांच भी की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button