कटनी

खनिज विभाग ने 50 वाहनों से वसूला 60 लाख जुर्माना, अवैध खनिज परिवहन पर जिला की कार्रवाई, बिना नंबर प्लेट लगे वाहनों को सीधे जब्त करेगा विभाग

कटनी, यशभारत। जिले में अवैध खनन, परिवहन और ओवरलोडिंग के विरुद्ध प्रशासन ने कड़ी कार्यवाही की है। कलेक्टर के निर्देश पर राजस्व, खनिज एवं पुलिस विभाग के संयुक्त दलों द्वारा अवैध खनिज खनन और परिवहनकर्ताओं पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है। चालू वित्तीय वर्ष में अब तक 50 से अधिक अवैध खनिज परिवहन करने वाले वाहनों पर कार्रवाई करते हुए 60 लाख रुपये से अधिक की जुर्माना राशि शासकीय खजाने में जमा कराई जा चुकी है। बताया जाता है कि पिछले वित्तीय वर्ष में जिले में 125 प्रकरण दर्ज कर लगभग डेढ़ करोड़ रुपये का अर्थदंड वसूला गया था। इसी कड़ी में इस वर्ष भी कार्रवाई का सिलसिला लगातार जारी है।
तकनीक बनी प्रशासन की ताकत
अब केवल मैन्युअल जांच ही नहीं, बल्कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से भी अवैध परिवहन पर नजर रखी जा रही है। जिले में संचालित हाई टेक ई चेक गेट अवैध परिवहन करने वालों के लिए बड़ी चुनौती बनकर उभरा है। ई.चेक गेट से बिना रॉयल्टी एवं नियमों का उल्लंघन कर परिवहन करने वाले 4 वाहनों को चिन्हित किया गया, जिन पर 6 लाख 21 हजार रुपये का अर्थदंड अधिरोपित कर नोटिस जारी किए गए हैं।
बिना नंबर प्लेट वाहनों पर प्रशासन का सख्त रुख
कलेक्टर ने परिवहन विभाग और खनिज विभाग को संयुक्त रूप से प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट हिदायत दी है कि बिना नंबर प्लेट के सडक़ों पर दौडऩे वाले वाहन सीधे तौर पर संदिग्ध माने जाएंगे और ऐसे वाहनों को तत्काल प्रभाव से ज़ब्त किया जाए और विधिसम्मत कार्यवाही की जाय। कलेक्टर ने अधिकारियो को निर्देशित किया है कि जिले की खनिज संपदा का अवैध दोहन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अवैध परिवहन और खनिज चोरी में संलिप्त लोगों के विरुद्ध मध्यप्रदेश खनिज नियम एवं परिवहन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button