जबलपुरमध्य प्रदेशराज्य

गढ़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: बिना फिटनेस, बीमा और परमिट दौड़ रही यात्री बस जब्त, यात्रियों की जान जोखिम में डालकर चल रही थी बस, अन्य बसों पर भी हुई चालानी कार्रवाई

जबलपुर। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर जिलेभर में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गढ़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिना फिटनेस, बीमा और परमिट के संचालित हो रही यात्री बस को जब्त किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक जबलपुर सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर जिले के सभी थानों में चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के अंतर्गत की गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पल्लवी शुक्ला तथा सीएसपी गढ़ा आशीष जैन के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी गढ़ा प्रसन्न शर्मा द्वारा मेडिकल कॉलेज गेट के सामने तिलवारा रोड पर दिनांक 26 मई 2026 को टीम सहित वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान बस क्रमांक MP20PA0355 को जांच के लिए रोका गया, जो जबलपुर से बरगी के बीच संचालित हो रही थी। जांच में बस बिना वैध बीमा और परमिट के संचालित पाई गई।
मोटर व्हीकल एक्ट के तहत बस जब्त
पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए बस को जब्त कर थाना गढ़ा परिसर में खड़ा कराया है। वहीं अन्य यात्री बसों की जांच के दौरान कई वाहनों में अग्निशमन यंत्र नहीं पाए गए तथा इमरजेंसी गेट के पास अनावश्यक छेड़छाड़ भी मिली, जिस पर संबंधित धाराओं के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
अवैध बस संचालकों में मचा हड़कंप
गढ़ा पुलिस की इस कार्रवाई के बाद बिना दस्तावेज और सुरक्षा मानकों के वाहन चलाने वाले बस संचालकों में हड़कंप की स्थिति है। कार्रवाई के बाद वाहन संचालक अपने वाहनों के बीमा, परमिट और फिटनेस दस्तावेज दुरुस्त कराने के प्रयास करते दिखाई दे रहे हैं।

आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई

थाना प्रभारी गढ़ा प्रसन्न शर्मा ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button