मध्य प्रदेशराज्य

खून का प्यासा हुआ सगा भाई! प्रॉपर्टी के लालच में साले संग मिलकर रची खूनी साजिश, भाई को उतारा मौत के घाट

सतना/ रामपुर बाघेलान, यश भारत।थाना क्षेत्र के तिवनी गांव में पैतृक मकान और संपत्ति के विवाद ने एक परिवार को उजाड़ दिया। हिस्सेदारी को लेकर लंबे समय से चल रहे विवाद के चलते छोटे भाई ने अपने साले के साथ मिलकर बड़े भाई की हत्या कर दी। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए दोनों आरोपियों को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

 

पुलिस के अनुसार तिवनी निवासी राजबहोर कोरी (30) और उसके छोटे भाई कृष्णा कोरी के बीच पैतृक मकान के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते 1 जून 2026 को कृष्णा कोरी ने अपने साले लवकुश कोरी के साथ मिलकर तुर्की स्टेशन के पास राजबहोर पर लकड़ी की फंटी से हमला कर दिया। हमले में राजबहोर गंभीर रूप से घायल हो गया।

 

घायल अवस्था में परिजन उसे उपचार के लिए रीवा ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर रामपुर बाघेलान थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

 

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त ऑटो वाहन तथा लकड़ी की फंटी भी बरामद कर जब्त कर ली है।

 

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पारिवारिक संपत्ति विवाद के कारण यह घटना सामने आई है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button