जीआरपी के हत्थे चढ़ा इनामी जहरखुरानी गिरोह का सरगना, पुणे से गिरफ्तार
शक्तिपुंज एक्सप्रेस में एक अन्य यात्री के साथ भी करी थी जहरखुरानी

जबलपुर। रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में यात्रियों को नशीला पदार्थ खिलाकर लूटपाट करने वाले इनामी आरोपी को जीआरपी जबलपुर ने गिरफ्तार किया है। आरोपी शिवदेव सिंह उर्फ दीपक उर्फ केसारी (26) निवासी मिर्जापुर उत्तरप्रदेश, हाल निवासी पुणे महाराष्ट्र को पुलिस ने पुणे स्थित उसके ठिकाने से दबोचा। आरोपी पर रेल पुलिस द्वारा नगद इनाम घोषित किया गया था।
जीआरपी के अनुसार सितंबर 2025 में दमोह निवासी जितेंद्र साहू अपने परिवार के साथ यात्रा कर रहे थे। इसी दौरान आरोपी ने उनसे दोस्ती कर चने में नशीला पदार्थ मिलाकर खिला दिया, जिससे फरियादी और उसका जीजा बेहोश हो गए। बाद में आरोपी उनके मोबाइल और नगदी लेकर फरार हो गया।
जांच के दौरान पहले गिरफ्तार दो आरोपियों अजय कुमार गुप्ता और राजेश साहनी से पूछताछ में शिवदेव सिंह का नाम सामने आया। इसके बाद जीआरपी टीम ने पुणे में दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से चोरी का एक मोबाइल जब्त किया गया है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने शक्तिपुंज एक्सप्रेस में एक अन्य यात्री के साथ भी जहरखुरानी और चोरी की वारदात कबूल की है। उस मामले में आरोपी ने यात्री के मोबाइल से 1.67 लाख रुपये अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए थे। पुलिस आरोपी से रिमांड पर पूछताछ कर अन्य मामलों का खुलासा करने में जुटी है।







