उतरप्रदेशदेश

रास्ते के विवाद में बहा खून: दो भाइयों ने बड़े भाई को फावड़े से उतारा मौत के घाट

पुलिस आरोपियों की तलाश में

प्रयागराज | प्रयागराज के मऊआइमा थाना क्षेत्र के बादलपुर गांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। मामूली रास्ते और जमीन के विवाद में दो छोटे भाइयों ने मिलकर अपने ही बड़े भाई की फावड़े से वार कर निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई, जबकि आरोपी परिवार समेत फरार बताए जा रहे हैं। मृतक 45 वर्षीय संतोष कुमार विश्वकर्मा मुंबई में फर्नीचर का काम करता था और शनिवार सुबह ही घर लौटा था। घर पहुंचते ही पुश्तैनी जमीन पर चल रहे विवाद ने खूनी रूप ले लिया।

बताया जा रहा है कि परिवार की करीब 4 बिस्वा जमीन पर पिछले एक साल से बंटवारे को लेकर तनाव चल रहा था। इसी जमीन पर छोटे भाई अशोक और विनोद मकान निर्माण के लिए नींव खुदवा रहे थे। संतोष ने मकान निर्माण रोकते हुए कहा कि पहले जमीन का बंटवारा कर लिया जाए और आने-जाने के लिए रास्ता तय हो जाए, उसके बाद निर्माण कराया जाए।

इसी बात पर विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों छोटे भाइयों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते अशोक व विनोद ने फावड़े से संतोष के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से संतोष की मौके पर ही मौत हो गई।घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंची संतोष की पत्नी अर्चना को भी आरोपियों ने पीटकर घायल कर दिया। पति की हत्या और परिवार पर हुए हमले से घर में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गया है, जिनके सिर से पिता का साया उठ गया। मऊआइमा पुलिस ने मृतक की पत्नी की तहरीर पर अशोक, विनोद, दोनों की पत्नियों और अशोक के बेटे समेत पांच लोगों के खिलाफ हत्या समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button