ईद से पहले भोपाल में बकरों को VIP ट्रीटमेंट , गर्मी से राहत के लिए रोज पिलाया जा रहा गन्ने का जूस, खास देखभाल में जुटे मालिक

ईद से पहले भोपाल में बकरों को VIP ट्रीटमेंट , गर्मी से राहत के लिए रोज पिलाया जा रहा गन्ने का जूस, खास देखभाल में जुटे मालिक
भोपाल यश भारत। ईद उल अजहा से पहले राजधानी भोपाल में बकरों की खास देखभाल देखने को मिल रही है। भीषण गर्मी के बीच बकरों को स्वस्थ और फिट रखने के लिए मालिक उन्हें वीआईपी ट्रीटमेंट दे रहे हैं। कहीं बकरों को ठंडे स्थानों पर रखा जा रहा है तो कहीं उन्हें रोज गन्ने का जूस पिलाया जा रहा है ताकि गर्मी का असर कम हो सके। भोपाल के कई इलाकों में पशुपालक और व्यापारी बकरों के खानपान और आराम का विशेष ध्यान रख रहे हैं। बकरों को हरा चारा सूखा मेवा और पौष्टिक आहार दिया जा रहा है। वहीं गर्मी से बचाने के लिए कूलर पंखे और छायादार जगहों की व्यवस्था भी की गई है। पशु व्यापारियों का कहना है कि ईद के मौके पर अच्छी नस्ल और स्वस्थ बकरों की मांग अधिक रहती है। इसी वजह से उनकी देखभाल में कोई कमी नहीं छोड़ी जा रही। कई लोग बकरों को रोजाना गन्ने का ताजा जूस पिला रहे हैं जिससे उन्हें ठंडक मिल सके और शरीर में ऊर्जा बनी रहे। बाजारों में इस बार अलग-अलग नस्लों के बकरे आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। कुछ बकरों की कीमत लाखों रुपये तक बताई जा रही है। ईद नजदीक आने के साथ ही भोपाल के पशु बाजारों में खरीदारों की भीड़ लगातार बढ़ रही है।






