अहमदाबाद-रांची इंडिगो फ्लाइट की जबलपुर में इमरजेंसी लैंडिंग, बीमार यात्री की मौत
अचानक सांस लेने में हुई दिक्कत

जबलपुर: अहमदाबाद से रांची जा रही इंडिगो की फ्लाइट में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक यात्री की अचानक तबीयत बिगड़ गई। हालत गंभीर होने पर विमान की जबलपुर के डुमना एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। हालांकि अस्पताल में इलाज के दौरान यात्री की मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, रांची निवासी सुधीर कुमार अपनी बहन के साथ अहमदाबाद से इलाज कराकर लौट रहे थे। वह फेफड़ों से जुड़ी बीमारी से पीड़ित थे। उड़ान के दौरान जब विमान जबलपुर के ऊपर पहुंचा, तभी उन्हें अचानक सांस लेने में दिक्कत होने लगी।
यात्री की हालत बिगड़ती देख पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क किया और विमान को सुरक्षित डुमना एयरपोर्ट पर उतारा। एयरपोर्ट प्रशासन और एयरलाइन स्टाफ ने तेजी दिखाते हुए एम्बुलेंस की व्यवस्था की और मरीज को शहर के एक निजी अस्पताल भेजा गया।
डॉक्टरों ने युवक को बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। डुमना एयरपोर्ट के प्रभारी डायरेक्टर नीरज गुडवानी ने बताया कि मरीज को अस्पताल पहुंचाने के बाद फ्लाइट करीब 50 मिनट तक एयरपोर्ट पर रुकी रही। इसके बाद विमान अन्य यात्रियों को लेकर रांची के लिए रवाना हो गया।
घटना के बाद मृतक के परिजन सड़क मार्ग से रांची के लिए रवाना हो गए हैं।







